self

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने वित्तीय वर्ष 2026 की पहली तिमाही के लिए भारत के निर्यात पूर्वानुमान जारी कर दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में, भारत के कुल मर्चैंडाइज़ निर्यात 113.7 बिलियन यूएस डॉलर और गैर-तेल निर्यात 99.2 बिलियन यूएस डॉलर के रहने का पूर्वानुमान है। मर्चैंडाइज निर्यात में जहां 3.3% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का पूर्वानुमान है, तो वहीं गैर-तेल निर्यात में 10.9% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का अनुमान है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के दौरान गैर-तेल और गैर-रत्‍न एवं आभूषण निर्यात 88.1 बिलियन यूएस डॉलर के रहने का पूर्वानुमान है, जिसमें 7.3% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का अनुमान है।

भारत के निर्यातों में यह सकारात्मक वृद्धि, विनिर्माण गतिविधियों के पुनः गति पकड़ने, निर्यात ऑर्डरों के सफलतापूर्वक पूरा होने, वर्तमान व्यापार वार्ताओं में अनुकूल संभावनाओं और भारत में अकॉमोडेटिव रुख के बने रहने के परिणामस्वरूप हो सकती है। कुल मर्चैंडाइज़ निर्यातों, गैर-तेल निर्यातों और गैर-तेल और गैर-रत्‍न एवं आभूषण निर्यातों में यह सकारात्मक वृद्धि चालू वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही में भी जारी रहने की उम्मीद है। तथापि, यह परिदृश्य अन्य के साथ-साथ, वैश्‍विक टैरिफ और वैश्‍विक व्यापार नीति में अनिश्‍चितताओं, बढ़ते भू-आर्थिक फ्रैग्‍मेंटेशन और भू-राजनीतिक तनावों जैसे जोखिमों पर निर्भर करता है।

एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत के कुल मर्चैंडाइज़ निर्यातों और गैर-तेल निर्यातों में वृद्धि के पूर्वानुमान एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) मॉडल के आधार पर संबंधित तिमाहियों के लिए मई, अगस्त, नवंबर और फरवरी के पहले पखवाड़े में जारी किए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2025) के लिए भारत के निर्यातों में वृद्धि के पूर्वानुमान अगस्त 2025 के पहले पखवाड़े में जारी किए जाएंगे।

इस मॉडल में सुधार तथा इससे प्राप्त पूर्वानुमान संबंधी परिणामों की समीक्षा विशेषज्ञों की एक स्थायी तकनीकी समिति द्वारा की गई है। इस समिति के सदस्यों में डॉ. सुनील कुमार, सलाहकार, आर्थिक विश्लेषण और नीति विभाग, भारतीय रिज़र्व बैंक, मुंबई, प्रो. सैकत सिन्हा रॉय, प्रोफेसर, अर्थशास्‍त्र विभाग, जादवपुर विश्‍वविद्यालय कोलकाता; प्रोफेसर एन.आर. भानुमूर्ति, निदेशक, मद्रास स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, चेन्नई और प्रोफेसर सी. वीरामणि, निदेशक, विकास अध्ययन केंद्र, त्रिवेंद्रम शामिल हैं।

इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा अपने निरंतर शोध प्रयासों की कड़ी में भारत के निर्यातों का तिमाही आधार पर ट्रैक रखने तथा वृद्धि में पूर्वानुमान के लिए एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) तैयार करने हेतु यह इन-हाउस मॉडल विकसित किया गया है। इस इंडेक्स को देश के निर्यातों पर प्रभाव डालने वाले विभिन्‍न बाह्य एवं घरेलू कारकों को ध्यान में रखते हुए देश के वस्तु निर्यातों में तिमाही आधार पर वृद्धि का पूर्वानुमान लगाने के लिए एक प्रमुख संकेतक के रूप में विकसित किया गया है।

_______________________________________

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:

श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक/ डॉ. विश्‍वनाथ जंध्याला, सहायक महाप्रबंधक, शोध एवं विश्लेषण समूह, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, 8वीं मंज़िल, मेकर चैंबर IV, जमनालाल बजाज मार्ग, नरीमन पॉइंट, मुम्बई 400021,

फोनः T: +91-22-2286 0363/ 0310/ 0311 .

ई-मेलः dsinate@eximbankindia.in/ viswanath@eximbankindia.in