भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने वित्तीय वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के लिए भारत के निर्यात पूर्वानुमान जारी कर दिए हैं। वित्तीय वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में, भारत के कुल मर्चैंडाइज़ निर्यात 114.2 बिलियन यूएस डॉलर और गैर-तेल निर्यात 99.8 बिलियन यूएस डॉलर के रहने का पूर्वानुमान है। मर्चैंडाइज निर्यात में जहां 5% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का पूर्वानुमान है, तो वहीं गैर-तेल निर्यात में 3.9% की वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि का अनुमान है। साथ ही, इसी तिमाही के दौरान गैर-तेल और गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यात 88 बिलियन यूएस डॉलर के रहने का पूर्वानुमान है, जिसमें वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि (-0.6%) के लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में होने, मुद्रास्फीति दर कम होने और रुपये के अवमूल्यन के कारण विदेशी बाजारों में हमारे सामान की कीमतें प्रतिस्पर्धी होने के चलते, देश के निर्यात में वृद्धि की उम्मीद है। निर्यातों के भौगोलिक विविधीकरण में वृद्धि और कई देशों के साथ मौजूदा व्यापार वार्ताओं की अनुकूल संभावनाओं के परिणाम के रूप में देखा जा सकता है। तथापि, यह परिदृश्य अन्य के साथ-साथ, उच्चतर टैरिफ और वैश्विक व्यापार नीति में वैश्विक मांग की अनिश्चितताओं और वैश्विक आपूर्ति शृंखला में संभावित व्यवधानों पर निर्भर करता है।
एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत के कुल मर्चैंडाइज़ निर्यातों और गैर-तेल निर्यातों में वृद्धि के पूर्वानुमान एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) मॉडल के आधार पर संबंधित तिमाहियों के लिए मई, अगस्त, नवंबर और फरवरी के पहले पखवाड़े में जारी किए जाते हैं। वित्तीय वर्ष 2026 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च 2026) के लिए भारत के निर्यातों में वृद्धि के पूर्वानुमान फरवरी 2026 के पहले पखवाड़े में जारी किए जाएंगे।
इस मॉडल में सुधार तथा इससे प्राप्त पूर्वानुमान संबंधी परिणामों की समीक्षा विशेषज्ञों की एक स्थायी तकनीकी समिति द्वारा की गई है। इस समिति के सदस्यों में डॉ. सत्यानंद साहू, सलाहकार, आर्थिक विश्लेषण और नीति विभाग, भारतीय रिज़र्व बैंक, मुंबई, प्रो. सैकत सिन्हा रॉय, प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग, जादवपुर विश्वविद्यालय कोलकाता; प्रोफेसर एन.आर. भानुमूर्ति, निदेशक, मद्रास स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, चेन्नई और प्रोफेसर सी. वीरामणि, निदेशक, विकास अध्ययन केंद्र, त्रिवेंद्रम शामिल हैं।
इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा अपने निरंतर शोध प्रयासों की कड़ी में भारत के निर्यातों का तिमाही आधार पर ट्रैक रखने तथा वृद्धि में पूर्वानुमान के लिए एक्सपोर्ट लीडिंग इंडेक्स (ईएलआई) तैयार करने हेतु यह इन-हाउस मॉडल विकसित किया गया है। इस इंडेक्स को देश के निर्यातों पर प्रभाव डालने वाले विभिन्न बाह्य एवं घरेलू कारकों को ध्यान में रखते हुए अनिवार्य रूप से देश के कुल वस्तु निर्यातों, गैर-तेल निर्यातों तथा गैर-तेल और गैर-रत्न एवं आभूषण निर्यातों में तिमाही आधार पर वृद्धि का पूर्वानुमान लगाने के लिए एक प्रमुख संकेतक के रूप में विकसित किया गया है।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री श्रीराम सुब्रमण्यम, महाप्रबंधक/ डॉ. विश्वनाथ जंध्याला, उप महाप्रबंधक, शोध एवं विश्लेषण समूह, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, 8वीं मंज़िल, मेकर चैंबर IV, जमनालाल बजाज मार्ग, नरीमन पॉइंट, मुम्बई 400021,
फोनः+91-22-2286 0310/ 0311
ई-मेलः sriram[at]eximbankindia[dot].in/viswanath@eximbankindia.in
