self

इंडिया एक्ज़िम बैंक ने 10वें वित्तीय फोरम के दौरान की ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार के विजेता की घोषणा

इंडिया एक्ज़िम बैंक का ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार 2020 डॉ. एडम याओ लिउ को 10वें वार्षिक ब्रिक्स वित्तीय फोरम के दौरान प्रदान किया गया। 16 नवंबर, 2020 को ऑनलाइन आयोजित किए गए इस वित्तीय फोरम की मेजबानी रूस के स्टेट डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन (वीईबी.आरएफ) द्वारा की गई। इस फोरम में ब्रिक्स अंतर बैंक सहयोग तंत्र के सभी सदस्य विकास बैंकों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया।

16 नवंबर, 2020: डॉ. एडम याओ लिउ को भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) के ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार 2020 का विजेता घोषित किया गया। विजेता की घोषणा 10वें वार्षिक ब्रिक्स वित्तीय फोरम के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना द्वारा की गई। 16 नवंबर, 2020 को ऑनलाइन आयोजित किए गए इस वित्तीय फोरम की मेजबानी रूस के स्टेट डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन (वीईबी.आरएफ) द्वारा की गई। इस फोरम में ब्रिक्स अंतर बैंक सहयोग तंत्र के सभी सदस्य विकास बैंकों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया। इनमें न्यू डेवलपमेंट बैंक के प्रमुख सहित ब्राजीलियन डेवलपमेंट बैंक (बीएनडीईएस); वीईबी.आरएफ; चाइना डेवलपमेंट बैंक (सीडीबी); भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) और डेवलपमेंट बैंक ऑफ सदर्न अफ्रीका (डीबीएसए) के प्रमुख शामिल रहे। ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार के अंतर्गत 15 लाख रुपये (लगभग 21,000 यूएस डॉलर) की राशि, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार समारोह के दौरान, डॉ. लिउ की पुरस्कृत थीसिस पर आधारित इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रासंगिक आलेख का विमोचन भी किया गया।  

पुरस्कृत थीसिस 

डॉ. लिउ को उनकी थीसिस ‘बिल्डिंग मार्केट्स विदिन अथॉरिटेरियन इंस्टीट्यूशंसः द पॉलिटिकल इकनॉमी ऑफ बैंकिंग डेवलपमेंट इन चाइना’ (‘नियंत्रित संस्थाओं में बाजार निर्माण: चीन में बैकिंग विकास की राजनीतिक अर्थव्यवस्था’) के लिए पुरस्कृत किया गया। डॉ. लिउ ने अपनी डॉक्टोरल डिग्री स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, यूएसए से 2018 में प्राप्त की थी। वर्तमान में वह नैशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर में ली कुआन यू स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी में असिस्टैंट प्रोफेसर हैं।

ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार 

ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग तंत्र के अंतर्गत वर्ष 2016 में भारत की अध्यक्षता के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा मार्च 2016 में ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार की स्थापना की गई थी। इस पुरस्कार का उद्देश्य ब्रिक्स सदस्य देशों के लिए प्रासंगिकता रखने वाले, अर्थव्यवस्था से जुड़े समसामयिक विषयों पर केंद्रित उन्नत शोध अध्ययनों को बढ़ाना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।

ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र, व्यापार और विकास तथा संबंधित वित्तपोषण के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के इंडिया एक्ज़िम बैंक के निरंतर जारी प्रयासों को दर्शाता है। इस पुरस्कार के लिए पांचों ब्रिक्स राष्ट्रों के नागरिकों द्वारा लिखी गई ऐसी डॉक्टोरल थीसिस को प्रविष्टि के रूप में स्वीकृत किया जाता है, जिसके लिए उन्हें किसी भी वैश्विक विश्वविद्यालय या संस्थान से डॉक्टरेट की उपाधि मिली है अथवा उनकी थीसिस को डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान करने के लिए स्वीकृत किया गया है। इस पुरस्कार के विवरण का प्रचार-प्रसार प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में विज्ञापनों के जरिए वैश्विक स्तर पर किया जाता है।  

अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400 005. फोनः +91-22- 2217 2708; ईमेलः dsinate@eximbankindia.in