self

इंडिया आईएनएक्स में लिस्ट हुआ एक्ज़िम बैंक का 1 अरब यूएस डॉलर का 10 वर्षीय बॉन्ड, इंडिया आईएनएक्स में सबसे बड़ा एकल निर्गमकर्ता

एक्ज़िम बैंक ने अपने 1 बिलियन यूएस डॉलर के बॉन्ड के लिए 16 जनवरी, 2020 को बीएसई में लिस्टिंग की औपचारिकता पूरी की। इस संबंध में बेल रिंगिंग बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना और मुख्य महाप्रबंधक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी सुश्री हर्षा बंगारी द्वारा की गई।  इस अवसर पर इंडिया इंटरनेशनल एक्सचेंज (इंडिया आईएनएक्स) के एमडी एवं सीईओ श्री वी. बालासुब्रमणियम उपस्थित रहे। 

भारतीय निर्यात-आयात बैंक ने 06 जनवरी, 2020 को सफलतापूर्वक 1 बिलियन यूएस डॉलर का 10 वर्षीय बॉन्ड जारी किया था। यह 144/ए रेग एस फॉर्मैट में बैंक का तीसरा ट्रांजैक्शन है। निर्गम 2.7 गुना ज्यादा सबस्क्राइब हुआ और इसे 184 प्रतिष्ठित निवेशकों से कुल 2.7 बिलियन यूएस डॉलर का सब्स्क्रिप्शन मिला। यह ट्रांजैक्शन CT10+150 बीपीएस के उचित मूल्य पर रखा गया, जो CT10+175 बीपीएस के प्रारंभिक मूल्य के अंदर था जो 25 बीपीएस की महत्वपूर्ण मूल्य टाइटनिंग और नए शून्‍य निर्गम प्रीमियम को प्रदर्शित करता है। निर्गम को एशिया में 44%, यूएसए में 13% तथा यूरोप, मध्‍य पूर्व एवं अफ्रीका में 20% सब्स्क्रिप्शन मिला । बॉन्ड निर्गम को प्रतिष्ठित निवेशक वर्ग से सब्स्क्रिप्शन (अभिदान) मिला। बॉन्ड को 58% फंड मैनेजर्स को, 18% बैंकों को, 13% बीमा और पेंशन फंड, 10% केन्‍द्रीय बैंकों/आधिकारिक संस्‍थाओं एवं 1% निजी बैंकों को वितरित किया गया।  

इस अवसर पर, एक्ज़िम बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना ने कहा कि “हमने 1 बिलियन यूएस डॉलर का यह निर्गम सफलतापूर्वक जारी किया और यह इस फॉर्मैट में हमारा तीसरा ट्रांजैक्शन है। यह एक्ज़िम बैंक की ओर से की गई एक अच्छी डील है और अन्य भारतीय बॉन्‍ड इश्यूअर विदेशी मुद्रा बॉन्ड बाजार तक पहुंचने के लिए इससे प्रेरित हो सकते हैं। एक्ज़िम बैंक के सभी विदेशी मुद्रा बॉन्ड पहले से ही इंडिया आईएनएक्स में लिस्टेड हैं और हम गर्व से कह सकते हैं कि इन सब बॉन्ड के साथ भारतीय एक्ज़िम बैंक इंडिया आईएनएक्स में लिस्टेड सबसे बड़ा इश्यूअर है। एक्ज़िम बैंक अपने आगामी निर्गमों के लिए इंडिया आईएनएक्स के साथ अपने संबंधों को और सुदृढ़ बनाता रहेगा।” 

एक्‍ज़ि‍म बैंक की मुख्‍य महाप्रबंधक एवं मुख्‍य वित्त अधिकारी, सुश्री हर्षा बंगारी ने कहा कि “एक्ज़िम बैंक के हाल ही में जारी 1 बिलियन यूएस डॉलर के 144ए/रेग बॉन्ड को इंडिया आईएनएक्स में लिस्ट होते देखना हर्ष का विषय है। यह किसी भी भारतीय संस्था द्वारा 10 वर्षीय यूएस डॉलर बॉन्ड में सबसे कम कूपन दर पर जारी बॉन्ड है और भू-राजनीतिक तनावों के चलते काफी कमजोर बाजार पृष्ठभूमि में भी यह ट्रांजैक्शन एक तरह की उल्लेखनीय उपलब्धि है। आने वाले समय में भी हम इंडिया आईएनएक्स में अपने बॉन्डों की लिस्टिंग करते रहेंगे और हम आशा करते हैं कि इस एक्सचेंज के विकास में अहम भूमिका निभाने के लिए हमें याद रखा जाएगा।” 

इस बॉन्ड के लिए बार्क्लेज़, सिटिग्रुप, एचएसबीसी, जे.पी. मॉर्गन, एमयूएफजी और स्टैंडर्ड चार्टर्ड संयुक्त लीड मैनेजर और बुक रनर की भूमिका में रहे। भारतीय एक्ज़िम बैंक को मूडीज द्वारा बीएए 2(ऋणारात्‍मक), स्टैंडर्ड एवं पूअर्स द्वारा बीबीबी- (स्थि‍र) तथा फि‍च द्वारा बीबीबी- (स्थि‍र) रेटिंग प्रदान की गई है, जो भारत सरकार की रेटिंग के समतुल्‍य है। 

कैप्शनः  एक्ज़िम बैंक द्वारा जारी 1 बिलियन यूएस डॉलर के बॉन्ड के लिए बीएसई में बेल रिंगिंग के दौरान एक्ज़िम बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना और मुख्य महाप्रबंधक सुश्री हर्षा बंगारी। इस अवसर पर इंडिया इंटरनेशनल एक्सचेंज के एमडी एवं सीईओ श्री वी. बालासुब्रमणियम विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः सुश्री हर्षा बंगारी, मुख्य महाप्रबंधक, ट्रेजरी एवं लेखा समूह, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400005. फोनः+91-22-22172686; ईमेलः harsha@eximbankindia.in