व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए इंडिया एक्ज़िम बैंक और बैंक ऑफ अफ्रीका बीएमसीई ग्रुप ने किए एमओयू पर हस्ताक्षर
भारत और मोरक्को के बीच आर्थिक संबंधों के महत्व और द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए इंडिया एक्ज़िम बैंक ने बैंक ऑफ अफ्रीका बीएमसीई ग्रुप के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू की घोषणा दोनों संस्थानों द्वारा 11 दिसंबर, 2020 को संयुक्त रूप से आयोजित भारत-मोरक्को व्यापार मंच के दौरान की गई थी। इस वर्चुअल रूप से आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मोरक्को में भारत के राजदूत महामहिम मोहम्मद मालिकी तथा मोरक्को में भारतीय दूतावास के उप राजदूत श्री जी. के. पंत उपस्थित थे।
फोरम को संबोधित करते हुए इंडिया एक्ज़िम बैंक की उप प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने कहा कि मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका (मेना) क्षेत्र ऊर्जा का महत्वपूर्ण स्रोत रहा है, इसलिए इस क्षेत्र के साथ भारत के पारंपरिक व्यापार संबंध रहे हैं। सुश्री बंगारी ने आगे कहा कि भारत अब इस क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर एक आर्थिक साझेदार के रूप में तेजी से अपना स्थान बना रहा है।
मोरक्को के साथ भारत का द्विपक्षीय व्यापार 2010 में 1.2 बिलियन यूएस डॉलर से बढ़कर 2019 में 2.1 बिलियन यूएस डॉलर हो गया है। मोरक्को से भारत में अधिकाधिक मात्रा में फॉस्फेट और पोटाश का आयात किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ भारत से मोरक्को को टेक्सटाइल, रासायनिक उत्पाद, पेट्रोलियम उत्पाद, औषधि आदि उत्पाद आदि का निर्यात किया जाता है।
बैंक ऑफ अफ्रीका के प्रतिनिधि महाप्रबंधक श्री मोहम्मद अगौमी के अनुसार इस एमओयू का उद्देश्य दोनों संस्थानों के लिए लाभकारी परियोजनाओं को वित्तपोषण, गारंटी और अन्य वित्तीय सहयोग के जरिए सहायता प्रदान करना है। दोनों संस्थाएं संयुक्त रूप से अपने-अपने मैंडेट के अनुसार मोरक्को में परिचालन स्थापित करने वाली भारतीय कंपनियों के लिए और भारत में परिचालन स्थापित करने वाली मोरक्को की कंपनियों को वित्तपोषण सहायता प्रदान करने की संभावनों का भी पता लगाएंगी।
अब तक, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने मेना क्षेत्र में वस्त्र, ऑटोमोटिव, रसायन और रंजक, कृषि प्रसंस्करण, सिंचाई, नवीकरणीय ऊर्जा, निर्माण, स्वास्थ्य देखभाल, ईपीसी सेवाएं, शिपिंग और खनन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उद्यम स्थापित करने के लिए 64 भारतीय कंपनियों को `6,684 करोड़ राशि की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
अधिक जानकारी के लिए, कृपया संपर्क करें:
श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, शोध एवं विश्लेषण समूह, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन,
21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र कॉम्प्लेक्स, कफ़ परेड, मुंबई- 400005, टेलीफोन: 91-22-2217 2701,
ई-मेल: dsinate@eximbankindia.in
