इंडिया एक्ज़िम बैंक और मंगोलिया के गोलोम्ट बैंक के बीच इश्यूइंग बैंक करार पर हस्ताक्षर
समरकंद, उज्बेकिस्तान में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की वार्षिक बैठकों के दौरान इशूइंग बैंक करार पर हस्ताक्षर करते इंडिया एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक, श्री तरुण शर्मा और गोलोम्ट बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्री ए. ओडोनबातार।
समरकंद, उज्बेकिस्तान, 5 मई, 2026: भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने मंगोलिया के गोलोम्ट बैंक के साथ एक इश्यूइंग बैंक करार पर हस्ताक्षर किए हैं। बैंक ने यह करार अपने व्यापार सहायता कार्यक्रम (टैप) के अंतर्गत व्यापार ट्रांज़ैक्शनों को सहयोग प्रदान करने के लिए किया है। यह करार 5 मई, 2026 को उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित एशियाई विकास बैंक (एडीबी) की वार्षिक बैठकों से इतर किया गया। इस करार पर इंडिया एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक, श्री तरुण शर्मा और गोलोम्ट बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्री ए. ओडोनबातार द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
इंडिया एक्ज़िम बैंक भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश संबंधों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाता रहा है। इसके लिए बैंक अपने विभिन्न कार्यालयों के वैश्विक नेटवर्क का सदुपयोग करता है और सहभागी देशों को वित्तीय और परामर्शी सेवाओं के साथ-साथ क्षमता विकास में भी मदद करता है। साथ ही, बैंक भारतीय व्यवसायों के वैश्वीकरण प्रयासों में भी सहयोग करता रहा है।
टैप के अंतर्गत, इंडिया एक्ज़िम बैंक ट्रेड इंस्ट्रूमेंट्स की ऋण सीमा बढ़ाने का काम करता है और अंतरराष्ट्रीय ट्रेड ट्रांज़ैक्शनों के लिए वाणिज्यिक बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं की क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। यह ऐसे बाजारों में ट्रेड ट्रांजैक्शनों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जहां व्यापार के लिए ऋण मिलने में बहुत दिक्कत आती है है या जहां संभावनाओं का पूरा इस्तेमाल नहीं किया जा सका है।
इस करार पर हस्ताक्षर के दौरान, श्री शर्मा ने रेखांकित किया कि पिछले कुछ महीनों में इंडिया एक्ज़िम बैंक ने टैप के अंतर्गत एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका सहित कई देशों के साथ विभिन्न ट्रेड ट्रांजैक्शनों को सहयोग प्रदान किया है। इन ट्रांज़ैक्शनों के जरिए कृषि, ऑटोमोटिव पुर्जे, पूंजीगत एवं इंजीनियरिंग वस्तुएं, खाद्य उत्पाद, लौह एवं इस्पात तथा वस्त्र सहित कई क्षेत्रों को सहायता प्रदान की गई है। विकासशील देशों के साथ भारत के वैश्विक व्यापार में विविधता बढ़ी है और अफ्रीकी देश भारत के लिए एक महत्त्वपूर्ण व्यापार भागीदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं। भारत सरकार के स्रोतों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2026 में भारत और मंगोलिया के बीच कुल व्यापार लगभग 36.9 मिलियन यूएस डॉलर का रहा। गोलोम्ट बैंक के साथ इस करार से भारत और मंगोलिया के बीच अतिरिक्त व्यापार अवसरों को सुगम बनाने में सहायता मिलेगी। इस प्रकार के सहयोग से द्विपक्षीय आर्थिक सहभागिता और सुदृढ़ होगी।
इंडिया एक्ज़िम बैंक के बारे में - इंडिया एक्ज़िम बैंक की स्थापना वर्ष 1982 में संसद के एक अधिनियम के तहत की गई थी और यह भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली संस्था है। यह निर्यात एवं आयात वित्तपोषण में प्रवृत्त संस्थाओं के कार्यों के समन्वय के लिए एक प्रमुख वित्तीय संस्था है। बैंक ने भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश का वित्तपोषण, सुगमीकरण और संवर्धन करते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत के एकीकरण को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है। बैंक के विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए भारतीय उद्यमों को स्पर्धात्मक बनने और अपनी वैश्विक मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिली है।
गोलोम्ट बैंक के बारे में - वर्ष 1995 में सुनियोजित रूप से स्थापित गोलोम्ट बैंक, मंगोलिया का अग्रणी एवं महत्त्वपूर्ण बैंक है। यह विभिन्न रिटेल, कॉर्पोरेट एवं एमएसएमई बैंकिंग सेवाएं प्रदान करता है। नवोन्मेषी पहलों में अग्रणी इस बैंक ने मंगोलिया में इंटरनेट बैंकिंग जैसी सेवाओं की शुरुआत की है। बैंक “उज्ज्वल भविष्य में निवेश” के ध्येय के साथ काम करता है।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः
श्री निर्मित वेद,
मुख्य महाप्रबंधक - व्यापार सुगमीकरण समूह,
इंडिया एक्ज़िम बैंक,
21वीं मंज़िल, केंद्र एक भवन, विश्व व्यापार केंद्र, कफ़ परेड, मुंबई – 400005;
फोन: +91 22 22172308;
ईमेल: tap[at]eximbankindia[dot]in
