self

इंडिया एक्ज़िम बैंक ने मुंबई की महिला पुलिस कर्मियों के सम्मान में की ‘प्रोटेक्ट द प्रोटेक्टर्स’ पहल

कोरोना वायरस महामारी के चलते हम सभी को असाधारण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। मुंबई जैसे महानगर में रोज़मर्रा की बेशुमार चुनौतियों के बावजूद, मुंबई पुलिस कोरोना योद्धाओं के रूप में अपनी जान हथेली पर रखकर हमारी जान की सुरक्षा में बिना थके और बिना रुके डटी रही। 08 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में इंडिया एक्ज़िम बैंक ने ‘प्रोटेक्ट द प्रोटेक्टर्स’ पहल की और इसके तहत मुंबई की महिला पुलिस कर्मियों को ऑर्गैनिक शहद भेंट किया।

आयुर्वेद में शहद को स्वास्थ्य के लिए ‘अमृत’ समान बताया गया है। आधुनिक शोध भी मानते हैं कि शहद में अनूठे पोषण और औषधीय गुण विद्यमान होते हैं। इसीको ध्यान में रखते हुए, इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा मुंबई पुलिस की करीब 900 महिला कर्मियों को दो चरणों में शहद भेंट करने की पहल की गई है। 

03 मार्च, 2021 को पहले चरण में बैंक ने उत्तरी क्षेत्र के अपर पुलिस आयुक्त के कार्यालय से संपर्क किया और उत्तरी क्षेत्र के अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) श्री दिलीप सावंत (आईपीएस) की उपस्थिति में महिला पुलिस कर्मियों को शहद की बोतलें भेंट की गईं। 05 मार्च, 2021 को दूसरे चरण में पश्चिमी क्षेत्र के अपर पुलिस आयुक्त के कार्यालय में उप प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने महिला पुलिस कर्मियों से मुलाकात कर उन्हें शहद की बोतलें भेंट कीं। इस दौरान पश्चिमी क्षेत्र के अपर पुलिस आयुक्त (एसीपी) श्री संदीप कर्णिक (आईपीएस) उपस्थित  रहे।

इस शहद की ख़ासियत यह है कि बैंक ने इसे अंडर द मैंगोट्री प्राइवेट लिमिटेड (यूटीएमटी) से लिया है। यूटीएमटी एक सामाजिक उद्यम है, जिसे बैंक द्वारा ग्रासरूट उद्यम विकास कार्यक्रम के तहत सहयोग प्रदान किया गया है। यूटीएमटी में काम करने वालों में अधिकांश जनजातीय महिलाएं हैं। यह संस्था इन महिलाओं को मधुमक्खी पालन और ऑर्गैनिक शहद उत्पादन के जरिए बेहतर आजीविका प्रदान करते हुए गरीबी उन्मूलन में योगदान दे रही है।

कोविड-19 महामारी के दौरान, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने कई महत्त्वपूर्ण कदम उठाए हैं और महाराष्ट्र में स्वास्थ्य एवं सफाई कर्मियों की सहायता के लिए कई सामाजिक संस्थाओं की मदद की है। 

अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीयनिर्यात-आयातबैंक, केंद्रएकभवन, 21वीं मंज़िल, विश्वव्यापार केंद्र संकुल, कफ़परेड, मुंबई 400 005. फोनः +91-22-22172829; ईमेलःccg@eximbankindia.in, वेबसाइटः www.eximbankindia.in