self

श्री एन. रमेश ने संभाला एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक का कार्यभार

मुंबईः श्री एन. रमेश ने 23 नवंबर, 2020 को भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) के उप प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। वह 1999 बैच के भारतीय दूरसंचार सेवा के अधिकारी हैं। इंडिया एक्ज़िम बैंक में नियुक्ति से पहले वह भारतीय राष्ट्रीय कृषि सरकारी विपणन संघ लिमिटेड (नेफेड) में कार्यपालक निदेशक के रूप में कार्यरत थे। 2016 से 2019 तक वह वाणिज्य विभाग, भारत सरकार में निदेशक के रूप में कार्यरत रहे। यहां उन्होंने कृषि, निर्यात, बायोटेक्नोलॉजी और संयंत्र प्रभागों का कार्यभार संभाला। 2010-2016 के दौरान श्री एन. रमेश ने समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण में निदेशक (मार्केटिंग) के रूप में अपनी सेवाएं दीं।   

उन्होंने दूरसंचार विभाग में सभी दूसरसंचार सेवा प्रदाताओं और बीपीओ उद्योग संबंधी लाइसेंसिंग शर्तों और विनियमन के क्रियान्वयन के क्षेत्र में काम किया है। उन्होंने मोबाइल नेटवर्क और संबंधित बुनियादी ढांचागत विकास के लिए बीएसएनएल के साथ भी काम किया है।  

श्री रमेश बैंगलोर विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशंस में इंजीनियरिंग स्नातक हैं। वह भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बैंगलोर से पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रैजुएट हैं।

अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः श्री स्वरूप चक्रवर्ती, सहायक महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, 21वीं मंज़िल, केंद्र एक भवन, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400005; फोनः +91-22-22172829, ईमेलः ccg@eximbankindia.in, वेबसाइटःwww.eximbankindia.in