वित्तीय वर्ष 2019-20 में 50% से अधिक बढ़ा इंडिया एक्ज़िम बैंक का कर पश्चात लाभ
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना और उप प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने गुरुवार, 25 जून, 2020 को वर्चुअल प्रेस वार्ता में वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए बैंक के वित्तीय परिणामों की घोषणा की।
वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए बैंक के वित्तीय परिणामों की प्रमुख विशिष्टताएं निम्नलिखित अनुसार रहीं:
कारोबारी परिणाम
- ऋण-व्यवस्थाएं: वर्ष के दौरान बैंक द्वारा भारत से परियोजनाओं, माल और सेवाओं के निर्यात में सहयोग के लिए 3.40 बिलियन यूएस डॉलर की 27 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की गईं। भारत सरकार की ओर से दी गई इन 259 ऋण-व्यवस्थाओं के पोर्टफोलियो के अंतर्गत 25.46 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण प्रतिबद्धताएं हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं अपनी बढ़ती पहुंच के साथ अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका, ओशिआनिया और सीआईएस क्षेत्रों में 64 देशों में आर्थिक विकास में तेजी लाने में मददगार रही हैं।
- परियोजना निर्यातः वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान बैंक ने अपनी वाणिज्यिक ऋण योजना के अंतर्गत कुल 2.81 बिलियन यूएस डॉलर के 38 परियोजना निर्यात कॉन्ट्रैक्टों को सहायता दी। बैंक द्वारा इस वित्तीय सहायता प्राप्त कुछ प्रमुख परियोजना निर्यात कॉन्ट्रैक्टों में निम्नलिखित शामिल रहेः बांग्लादेश में रोडवेज़ परियोजना; नाइजीरिया में रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स परियोजना; निकारागुआ और टोगो में विद्युत ट्रांसमिशन परियोजनाएं; अल्जीरिया में साउथ वेस्ट गैस फील्ड विकास परियोजना; म्यांमार में यांगून बंदरगाह पर कंटेनर टर्मिनल का विकास; चिली में 190 मेगावाट का सौर डीसी फोटोवोल्टिक संयंत्र; सूरीनाम में पंपों का इस्टॉलेशन और उनकी कमीशनिंग।
- राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाते के अंतर्गत क्रेता ऋण (बीसी-एनईआईए): मंजूर सुविधाओं के अंतर्गत वर्ष के दौरान 331.58 मिलियन यूएस डॉलर के संवितरण किए गए और यथा 31 मार्च, 2020 को बीसी-एनईआईए पोर्टफोलियो 1.35 बिलियन यूएस डॉलर का रहा। कुछ प्रमुख परियोजनाओं में निमनलिखित शामिल रहीं: श्रीलंका में जल शोधन परियोजना; मोज़ाम्बिक में बेरा पोर्ट पर एलपीजी स्टोरेज सुविधा; कोत दि’वार, सेनेगल और तंज़ानिया को वाहनों की आपूर्ति; कैमरून, मॉरिटानिया, सेनेगल, ज़ाम्बिया और केन्या में ट्रांसमिशन लाइन परियोजनाएं; घाना में रेलवे लाइन परियोजना; सूरीनाम में सिंचाई परियोजना; यूगांडा और कैमरून में जल आपूर्ति परियोजना; और मालदीव, ज़ाम्बिया तथा घाना में अन्य परियोजनाएं। बैंक ने कई प्रमुख भारतीय निर्यातकों की ओर से निष्पादित की जाने वाली 28 परियोजनाओं को 3.53 बिलियन यूएस डॉलर की सहायता प्रदान करने हेतु सिद्धांततः सहमति भी दी है।
- विदेशी निवेश वित्तः वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान, 16 कंपनियों को 8 देशों में उनके विदेशी निवेशों के आंशिक वित्तपोषण के लिए कुल ₹2,837 करोड़ की निधिक तथा गैर-निधिक सहायता मंजूर की गई। वर्ष के दौरान सहायता प्रदान किए गए विदेशी निवेशों में निम्नलिखित शामिल रहेः ऑटो पुर्जों के उत्पादन और आपूर्ति के लिए मोरक्को में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करना; चीन में ओलिओरेज़िन विनिर्माण संयंत्र के लिए कार्यशील पूंजी; इंटरमीडिएट कंटेनर बोतल और ड्रमों के विनिर्माण के लिए अमेरिका में ईकाइयों की स्थापना; ओमान सल्तनत में स्थानीय विद्युत उत्पादन के साथ कैल्साइन्ड पेट्रोलियम कोक विनिर्माण परियोजना की स्थापना।
संसाधन/ ट्रेजरी
- वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान बैंक ने 1.91 बिलियन यूएस डॉलर के विदेशी मुद्रा संसाधन जुटाए। ये संसाधन विभिन्न इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए जुटाए गए।
- जनवरी 2020 में इंडिया एक्ज़िम बैंक ने 3.25% की कूपन दर पर 144/रेग-एस फॉर्मैट में 10 वर्ष के लिए 1 बिलियन यूएस डॉलर जुटाए। ये 10 वर्षीय यूएस डॉलर निर्गम के लिए किसी भी भारतीय संस्था द्वारा सबसे कम दर पर जुटाए गए संसाधन रहे। इस इश्यू को 2.7 बिलियन यूएस डॉलर से अधिक के ऑर्डर मिले और उच्च गुणवत्ता वाले 184 निवेशकों से 2.7 गुना से अधिक का सब्सक्रिप्शन मिला।
- अक्टूबर 2019 में बैंक ने अपना पहला सामाजिक उत्तरदायित्व वाला 50 मिलियन यूएस डॉलर का बॉन्ड जारी किया। इस बॉन्ड को सामाजिक उत्तरदायित्व वाला मेकोंग क्षेत्र विकास बॉन्ड नाम दिया गया है, क्योंकि इससे जुटाए जाने वाले फंड का उपयोग कंबोडिया, म्यांमार और वियतनाम में इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के विकास के लिए किया जाएगा। यह 3 वर्षीय बॉन्ड 2.385% की कूपन दर पर जारी किया गया।
- सितंबर 2019 में बैंक ने सफलतापूर्वक समुराई बॉन्ड बाजार में वापसी की और 32 बिलियन जापानी येन के तीन साल और पांच साल के फिक्स दरों के डबल ट्रांच ट्रांजैक्शन के साथ बॉन्ड जारी किए। इनकी कूपन दरें क्रमशः 0.59% और 0.66% प्रति वर्ष तय की गई थीं। यह ट्रांजैक्शन 2006 के बाद इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा बिना किसी गारंटी के जारी किया गया पहला स्टैंड अलोन समुराई बॉन्ड निर्गम है।
- यथा 31 मार्च, 2020 को बैंक के पास 12.09 बिलियन यूएस डॉलर के समतुल्य विदेशी मुद्रा संसाधन और ₹18430 करोड़ की रुपये राशि के संसाधन थे।
- रेटिंगः इंडिया एक्ज़िम बैंक के रुपया ऋण लिखतों को (एएए)/(ए1+) की सर्वोच्च रेंटिंग प्राप्त है। इसके अतिरिक्त बैंक को अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों जैसे मूडीज द्वारा बीएए3 (स्थिर); स्टैंडर्ड एंड पुअर्स (नेगेटिव) द्वारा बीबीबी- (स्थिर); फिच द्वारा बीबीबी- (नेगेटिव) रेटिंग तथा जापान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी (जेसीआरए) द्वारा बीबीबी+ (स्थिर) रेटिंग प्रदान की गई है, जो संप्रभु रेटिंग के समतुल्य है।
निर्यात सुगमीकरण
- वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान बैंक ने निर्यातकों के लिए 24 सेमिनार आयोजित किए। ये सेमिनार मुख्य रूप से निर्यात क्षमता विकास, व्यवसाय अवसरों, उद्योग, देश और क्षेत्रों पर फोकस तथा भारतीय राज्यों में निर्यात क्षमताओं जैसे विषयों पर केंद्रित रहे।
- इंडिया एक्ज़िम बैंक अपनी ग्रासरूट पहलों के अंतर्गत हस्तशिल्प उत्पादों के ग्रामीण दस्तकारों और शिल्पकारों को सहायता प्रदान करता रहा है, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उनकी पहुंच बढ़ सके। बैंक उनके लिए डिजाइन, कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित कराता रहा है। बैंक ने आंध्र प्रदेश के पेडना गांव में कलमकारी कला में लगे बुनकरों के लिए); बाड़मेर, बीकानेर, श्रीनगर और वाराणसी में रंगसूत्र क्राफ्ट्स लिमिटेड के दस्तकारों) के लिए; कुमाऊं अर्थक्राफ्ट कॉपरेटिव (अर्थक्राफ्ट) के लिए उत्तराखंड के पिथोरागढ़ जिले में दस्तकारों और किसानों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए।
- बैंक सफलता शुल्क के आधार पर भारतीय फर्मों के लिए विदेशों में बाजार अवसरों को चिह्नित करने और विदेशों में उनके उत्पादों के लिए वितरक / खरीदार / भागीदारों की तलाश में सक्रियता के साथ मदद करते हुए भारतीय फर्मों को उनके वैश्वीकरण के प्रयासों में भी मदद करता है। वर्ष के दौरान कोत दि’वार के आबिदजान में किबोउ लेक डलाओ सिटी में लैकस्ट्रीन मत्स्यपालन उद्योग के लिए दी गई सहायता उल्लेखनीय रही।
सलाहकारी और परामर्शी सेवाएं
- इंडिया एक्ज़िम बैंक और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) “पूर्वोत्तर भारत में निर्यात स्पर्धत्मकता बढ़ाने के लिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों में क्षमता विकास” संबंधी एक परियोजना को संयुक्त रूप से क्रियान्वित कर रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान इस परियोजना के अंतर्गत कुछ प्रमुख पहलें निम्नलिखित रहीं: सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए अवसर तलाशने हेतु विभिन्न अखिल-भारतीय संस्थाओं के साथ भागीदारी; कृषि क्षेत्र में वाइल्यूचेन बढ़ाने के लिए शोध अध्ययन करना, नामतः सामाजिक उद्यमियों का यूएनडीपी-इंडिया एक्ज़िम बैंक नेटवर्क बनाना एवं मिजोरम और असम में कृषि, हथकरघा तथा हस्तशिल्प क्षेत्रों में क्लस्टर गतिविधियों का दस्तावेजीकरण करना।
- बैंक राज्य स्तर पर निर्यात निष्पादन के मूल्यांकन और राज्यों की व्यापार स्पर्धात्मकता के विकास के लिए रणनीतियां बनाने के क्रम में विभिन्न राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम कर रहा है। हाल के वर्षों में बैंक ने आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल की राज्य सरकारों के लिए निर्यात रणनीति बनाई है। वित्तीय वर्ष 2019-20 में इंडिया एक्ज़िम बैंक के शोध अध्ययन ‘बिहार से निर्यातों का संवर्धनः विश्लेषण और नीतिगत परिप्रेक्ष्य’ का विमोचन पटना में किया गया। बैंक ने वर्ष के दौरान विभिन्न क्षेत्रों, देशों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं निवेश से संबंधित मैक्रो-इकनॉमिक विषयों पर 19 शोध अध्ययन प्रकाशित किए।
- सऊदी अरब के अनुरोध पर वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक ने उनके नए बने सऊदी एक्ज़िम बैंक के लिए वित्तपोषण कार्यक्रम बनाने के लिए एक परामर्शी असाइनमेंट पूरा किया।
- वर्ष के दौरान बैंक ने घाना निर्यात-आयात बैंक (घाना एक्ज़िम) के क्षमता विकास के अपने असाइनमेंट के अगले चरण के रूप में घाना एक्ज़िम के विभिन्न समूहों के अधिकारियों के लिए कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित किए।
- बैंक का एक्ज़िम मित्र पोर्टल निर्यातकों और आयातकों को व्यापार संबंधी सूचना सेवाएं एक स्थान पर मुहैया कराता है। यह पोर्टल सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के उद्यमियों में सूचना तथा व्यापार वित्त और ऋण बीमा सुविधाओं की जानकारी के अभाव को दूर कर रहा है।
नई पहल
- फरवरी 2020 में केंद्रीय बजट प्रस्तुत करते हुए माननीय वित्त मंत्री ने निर्यात क्षमताओं वाली भारतीय कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए 1000 करोड़ रुपये की एक योजना की घोषणा की थी, जिसका परिचालन इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा सिडबी के साथ मिलकर किया जाना है। दोनों संस्थाएं 50-50 करोड़ रुपये का योगदान देंगी, जो इक्विटी और तकनीकी सहायता के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत बैंकों से 900 करोड़ रुपये की डेट-फंडिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का नाम ‘उभरते सितारे’ रखा गया है और इसकी अगुआई इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा की जाएगी।
कोविड-19 राहत पहलें
- वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने कोविड-19 से राहत के लिए पीएम-केयर्स फंड में योगदान दिया। बैंक के स्टाफ सदस्यों ने औसतन 5.6 दिनों के अपने वेतन का योगदान दिया और बैंक ने इसमें अपना योगदान देते हुए पीएम-केयर्स फंड में कुल योगदान राशि को 1 करोड़ रुपये पर पहुंचा दिया।
- इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा वित्तपोषित कई परियोजनाएं कोविड-19 से राहत के लिए सहायता प्रदान कर रही हैं। अग्रणी टेक्सटाइल कंपनियों और भारत के प्रमुख निर्यातकों में से एक वेलस्पन इंडिया लिमिटेड नॉन-वूवन सामग्री का इस्तेमाल करते हुए 3 प्लाई मुखवस्त्र (मास्क) बना रही है। ये मास्क इसी उन्नत तकनीकी टेक्सटाइल साइट पर बनाए जा रहे हैं, जो इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा वित्तपोषित है। केन्या सरकार को प्रदत्त ऋण-व्यवस्था के अंतर्गत समर्थित रिवाटेक्स ईस्ट अफ्रीका लिमिटेड मास्क, चादरें बना रही है और केन्या मेडिकल सप्लाइज़ अथॉरिटी (केमसा) को उनकी आपूर्ति कर रही है।
सामाजिक महत्त्व की पहलें
- वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक ने डॉन बॉस्को इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर जॉहर, पालघर में कम लागत वाली सैनिटरी नैपकिन बनाने की सुविधा स्थापित कराने में सहयोग दिया। इससे वहां की स्थानीय महिलाओं को व्यक्तिगत हाइजीन के लिए जरूरी चीजें सुलभ हुईं और महिला उत्पादकों के लिए इन उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री के जरिए रोजगार के अवसर भी सृजित हुए। की।
- बैंक ने वकील और पर्यावरण कार्यकर्ता श्री अफरोज़ शाह के साथ मिलकर बीच सफाई अभियान में हिस्सा लिया। मुंबई में बैंक के लगभग एक तिहाई स्टाफ ने अपने परिजनों के साथ वर्सोवा बीच और मलाड में दाना-पानी बीच के सफाई अभियानों में हिस्सा लिया।
- बैंक ने टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के साथ मिलकर मुंबई में रक्तदान अभियान आयोजित किए। बैंक के नई दिल्ली कार्यालय में भी रक्तदान अभियान आयोजित किया गया।
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः श्री स्वरूप चक्रवर्ती, सहायक महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केन्द्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केन्द्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई - 400005 फोनः +91-22-22181852; ई-मेल: ccg@eximbankindia.in
