एक्ज़िम बैंक ने की ईरा पुरस्कार 2019 की घोषणा
इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना द्वारा 29 सितम्बर, 2020 को आयोजित वेबिनार में इंडिया एक्ज़िम बैंक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शोध वार्षिक (ईरा) पुरस्कार 2019 के लिए डॉ. सौमित्रो चटर्जी के नाम की घोषणा की गई।
मुंबईः29 सितम्बर, 2020: डॉ. सौमित्रो चटर्जी को भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) के अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शोध वार्षिक (ईरा) पुरस्कार 2019 का विजेता घोषित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार उनके शोध प्रबंध ''व्यापार एवं आर्थिक विकास पर निबंध'' के लिए दिया गया। इस पुरस्कार की घोषणा 29 सितम्बर, 2020 को आयोजित वेबिनार में इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना ने की। पुरस्कार के रूप में 3.50 लाख रुपए की राशि तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। डॉ. डी.एल. कृष्णा, पूर्व निदेशक एवं प्रोफेसर एमेरिटस, दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स इस समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. सौमित्रो चटर्जी के पुरस्कृत शोध प्रबंध पर आधारित एक्ज़िम बैंक के प्रासंगिक आलेख का भी विमोचन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. कृष्णा ने भारत में आर्थिक शोध को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत एक्ज़िम बैंक की सराहना की। ईरा पुरस्कार के बारे में जानकारी देते हुए श्री रस्कीना ने बताया कि इस पुरस्कार की स्थापना 1989 में की गई थी। यह पुरस्कार 31 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र, व्यापार, विकास तथा संबद्ध वित्तपोषण के क्षेत्र में भारतीय नागरिकों द्वारा भारतीय अथवा विदेशी विश्वविद्यालयों में किए गए उत्कृष्ट शोध प्रबंधों के लिए प्रदान किया जाता है। श्री रस्कीना ने कहा कि यह शोध अध्ययन भारत में कृषि बाजार नीतियों में हुए परिवर्तनों पर प्रकाश डालता है।
पुरस्कृत शोध प्रबंध
डॉ. सौमित्रो चटर्जी ने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी, यूएसए से 2018 में डॉक्टोरल डिग्री हासिल की। उन्होंने अपनी थीसिस प्रोफेसर एस्टाबन रोसिहैंसबर्ग, प्रिंसटन के पर्यवेक्षण में लिखी है। डॉ. सौमित्रो चटर्जी वर्तमान में पेंसिलवानिया स्टेट यूनिवर्सिटी के अर्थशास्त्र विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
एक्ज़िम बैंक ईरा पुरस्कार
एक्ज़िम बैंक ईरा पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था, व्यापार तथा विकास व संबंधित वित्तपोषण के क्षेत्र में शोध एवं विश्लेषण को बढ़ावा देने का बैंक का एक प्रयास है। बैंक ने वर्ष 2020 के पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं।
पूर्व विजेताओं और ईरा 2020 के लिए आवेदन संबंधी अधिक जानकारी के लिए कृपया हमारी वेबसाइट https://www.eximbankindia.in/awards देखें।
अधिक जानकाकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केन्द्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केन्द्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई - 400 005. फोनः 022- 2217 2708; फैक्सः 022-2218 0743; ई-मेल: dsinate@eximbankindia.in
