एक्ज़िम बैंक ने ईरा पुरस्कार 2021 के विजेता की घोषणा की
इंडिया एक्ज़िम बैंक के अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शोध वार्षिक (ईरा) पुरस्कार 2021 की विजेता डॉ. कनिका पठानिया रहीं। उन्हें यह पुरस्कार 06 अक्टूबर, 2022 को नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार समारोह में भारतीय निर्यात-आयात बैंक के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, श्री टी.सी.ए. रंगनाथन और दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स में अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर, डॉ. आदित्य भट्टाचार्जी द्वारा प्रदान किया गया। इस दौरान कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय में आर्थिक सलाहकार, डॉ. अनुराधा गुरु और भारतीय निर्यात-आयात बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी उपस्थित रहीं।
नई दिल्लीः 06 अक्टूबर, 2022: भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने अपने अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शोध वार्षिक (ईरा) पुरस्कार 2021 के विजेता की घोषणा कर दी है। यह पुरस्कार डॉ. कनिका पठानिया के नाम रहा। उन्हें यह पुरस्कार “इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर एंड इफेक्टिव रेट ऑफ प्रोटेक्शनः थेओरेटिकल एंड एम्पीरिकल एनालिसिस” शीर्षक वाली उनकी डॉक्टोरल थीसिस के लिए प्रदान किया गया। पुरस्कार की घोषणा नई दिल्ली में 06 अक्टूबर, 2022 को आयोजित पुरस्कार समारोह में इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी द्वारा की गई। पुरस्कार के रूप में 3.50 लाख रुपये तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाता है। श्री टी.सी.ए. रंगनाथन, पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक; डॉ. आदित्य भट्टाचार्जी, प्रोफेसर, अर्थशास्त्र विभाग, दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स; डॉ. अनुराधा गुरु, आर्थिक सलाहकार, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. कनिका पठानिया को ईरा पुरस्कार 2021 प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. कनिका पठानिया की पुरस्कृत थीसिस पर आधारित इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रासंगिक आलेख का भी विमोचन किया गया।
इस अवसर पर श्री टी.सी.ए. रंगनाथन ने भारत में आर्थिक शोध को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत एक्ज़िम बैंक की सराहना की। डॉ. भट्टाचार्जी ने पुरस्कृत थीसिस में उल्लिखित विस्तृत नीतिगत पहलुओं का उल्लेख किया, जो विशेष रूप से भारत जैसी अर्थव्यवस्थाओं के लिए अहम हो सकती हैं। डॉ. गुरु ने पुरस्कृत थीसिस के बारे में बताया कि यह मुक्त व्यापार करार के बढ़ते प्रभाव वाले वर्तमान परिदृश्य और वैश्विक मूल्य शृंखला में भारत के एकीकरण को देखते हुए काफी प्रासंगिक है।
ईरा पुरस्कार के बारे में जानकारी देते हुए सुश्री बंगारी ने बताया कि इस पुरस्कार की स्थापना 1989 में की गई थी। यह पुरस्कार 33 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र, व्यापार, विकास तथा संबद्ध वित्तपोषण के क्षेत्र में भारतीय नागरिकों द्वारा भारतीय अथवा विदेशी विश्वविद्यालयों में किए गए उत्कृष्ट शोध प्रबंधों के लिए प्रदान किया जाता है।
पुरस्कृत थीसिस
डॉ. कनिका पठानिया ने दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय से 2021 में डॉक्टरोल डिग्री हासिल की थी। उन्होंने यह थीसिस दिल्ली स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. आदित्य भट्टाचार्जी और प्रो. उदय भानु सिन्हा के निर्देशन में लिखी थी।
एक्ज़िम बैंक ईरा पुरस्कार
एक्ज़िम बैंक ईरा पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था, व्यापार तथा विकास व संबंधित वित्तपोषण के क्षेत्र में शोध एवं विश्लेषण को बढ़ावा देने का बैंक का एक प्रयास है। बैंक द्वारा वर्ष 2022 के पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित हैं।
पिछले विजेताओं के बारे में जानने और ईरा 2022 के लिए आवेदन करने के लिए कृपया क्लिक करें: http://www.eximbankindia.in/iera-award
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक,
शोध एवं विश्लेषण समूह,
भारतीय निर्यात-आयात बैंक,
8वीं मंज़िल, मेकर चेंबर IV, जमनालाल बजाज मार्ग, नरीमन पॉइंट,
मुंबई 400 021. फोनः 91-22-22860310;
ईमेलः dsinate@eximbankindia.in
