self

भारतीय निर्यात-आयात बैंक ने भारत सरकार की ओर से श्रीलंका समाजवादी लोकतांत्रिक गणराज्य सरकार को प्रदान की 100 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्‍यवस्‍था

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्‍ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से श्रीलंका समाजवादी लोकतांत्रिक गणराज्य सरकार को 100 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है। यह ऋण-व्यवस्था श्रीलंका में सौर ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई है।

कैप्‍शनः श्रीलंका में सौर ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए, 16 जून, 2021 को राष्ट्रपति सचिवालय, कोलंबो में 100 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्‍यवस्‍था करार का आदान-प्रदान करते श्रीलंका में भारत के माननीय उच्चायुक्त श्री गोपाल बागले और श्रीलंका समाजवादी लोकतांत्रिक गणराज्य सरकार के माननीय सचिव, वित्त मंत्रालय श्री एस. आर. एट्टीगेल। इस अवसर पर श्रीलंका के माननीय राष्ट्रपति श्री गोटाबाया राजपक्षे और माननीय राज्य मंत्री श्री दुमिंदा दिसानायके उपस्थित रहे।

इस ऋण-व्यवस्था करार पर श्रीलंका समाजवादी लोकतांत्रिक गणराज्य सरकार की ओर से माननीय सचिव, वित्त मंत्रालय श्री एस. आर. एट्टीगेल और एक्ज़िम बैंक के मुख्य महाप्रबंधक श्री गौरव भंडारी द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस करार का आदान-प्रदान, 16 जून, 2021 को राष्ट्रपति सचिवालय, कोलंबो में श्री एस. आर. एट्टीगेल और श्रीलंका में भारत के माननीय उच्चायुक्त श्री गोपाल बागले के बीच किया गया। इस अवसर पर श्रीलंका के माननीय राष्ट्रपति श्री गोटाबाया राजपक्षे और माननीय राज्य मंत्री श्री दुमिंदा दिसानायके उपस्थित रहे।

100 मिलियन यूएस डॉलर के इस ऋण-व्यवस्था करार के साथ ही एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से श्रीलंका समाजवादी लोकतांत्रिक गणराज्य सरकार को अब तक 1.68 बिलियन यूएस डॉलर की कुल 9 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं श्रीलंका में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति, रेलवे परियोजनाओं, रक्षा और बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई हैं।

इस ऋण-व्यवस्था सहित एक्‍ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 62 देशों को 26.84 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 272 ऋण-व्‍यवस्‍थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत से निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्‍ध है। भारत से निर्यातों को बढ़ावा देने के अतिरिक्त एक्‍ज़िम बैंक की ऋण-व्‍यवस्‍थाएं उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्‍पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री गौरव भंडारी, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, किदवई नगर (पूर्व), नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700  ई- मेल: eximloc@eximbankindia.in वेबसाइट: www.eximbankindia.in