एक्ज़िम बैंक ने भारत सरकार की सहायता से श्रीलंका सरकार को प्रदान की 500 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से श्रीलंका सरकार को 500 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है। यह ऋण-व्यवस्था पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद के लिए प्रदान की गई है।
इस ऋण-व्यवस्था करार पर 02 फरवरी, 2022 को कोलंबो में हस्ताक्षर किए गए। इस पर श्री एस. आर. एट्टीगेल माननीय सचिव, वित्त मंत्रालय, श्रीलंका सरकार और श्री गौरव सिंह भंडारी, मुख्य महाप्रबंधक, एक्ज़िम बैंक ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर श्रीलंका के माननीय वित्त मंत्री श्री बसिल राजपक्षे और श्रीलंका में भारत के माननीय उच्चायुक्त श्री गोपाल बागले उपस्थित रहे।
500 मिलियन यूएस डॉलर के इस ऋण-व्यवस्था करार पर हस्ताक्षर के साथ ही एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से श्रीलंका सरकार को अब तक 2.18 बिलियन यूएस डॉलर की कुल 10 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। श्रीलंका सरकार को प्रदत्त ये ऋण-व्यवस्थाएं पेट्रोलियम उत्पादों, रेलवे परियोजनाओं, रक्षा और इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की आपूर्ति के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई हैं।
इस ऋण-व्यवस्था सहित एक्ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 61 देशों को 27.08 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 276 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत से निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्ध है। भारत से निर्यातों को बढ़ावा देने के अतिरिक्त एक्ज़िम बैंक की ऋण-व्यवस्थाएं उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री गौरव सिंह भंडारी, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक,
ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, किदवई नगर (पूर्व), नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700
ई- मेल: eximloc@eximbankindia.in वेबसाइट: www.eximbankindia.in
