एक्ज़िम बैंक ने ईरा पुरस्कार 2020 के लिए आमंत्रित की प्रविष्टियां
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) ने वर्ष 2020 के अपने अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार (ईरा पुरस्कार) के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। ईरा पुरस्कार 2020 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2020 है। पुरस्कारस्वरूप 3.5 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। एक्ज़िम बैंक के इस पुरस्कार की स्थापना 1989 में की गई थी। यह पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र, व्यापार और विकास तथा संबंधित वित्तपोषण के क्षेत्र में शोध एवं विश्लेषण को बढ़ावा देने के बैंक के प्रयासों में से एक है।
अंतरराष्ट्रीय अर्थशात्र, व्यापार, विकास और संबंधित वित्तपोषण जैसे क्षेत्रों में भारतीय नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त किसी विश्वविद्यालय अथवा भारत या विदेश स्थित किसी शैक्षणिक संस्था से किए गए ऐसे शोध कार्य, जिनके लिए उन्हें डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान कर दी गई हो या उपाधि के लिए उन्हें स्वीकार कर लिया गया हो, इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। भारत अथवा एक्ज़िम बैंक से संबंधित विषय जैसे विदेश व्यापार, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश, संयुक्त उद्यम, अंतरराष्ट्रीय स्पर्धात्मकता, व्यापार और निवेश को प्रभावित करने वाली नीतियां, मौद्रिक और राजकोषीय उपाय जैसे विषय इस पुरस्कार के लिए विशेष महत्त्व के होंगे। प्रविष्टि के रूप में एक्ज़िम बैंक द्वारा ऐसी थीसिस ही स्वीकार की जाएंगीस, जिनके लिए 1 जनवरी, 2016 से 30 सितंबर 2020 के बीच डॉक्टरेट की उपाधि दे दी गई हो या उस थीसिस को डॉक्टरेट की उपाधि के लिए स्वीकार कर लिया गया हो।
ईरा पुरस्कार 2020 के लिए आवेदन करने और अधिक जानने के लिए कृपया क्लिक करें: https://www.eximbankindia.in/awards.
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री डेविड सिनाटे
मुख्य महाप्रबंधक, शोध एवं विश्लेषण
भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई – 400005
फोनः 91-22-2217 2701, फैक्सः 91-22-2218 0743, ईमेलः dsinate@eximbankindia.in
