एक्ज़िम बैंक ने मनाया हिन्दी महोत्सव
मुंबई/नई दिल्ली : भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) में 14 से 30 सितंबर, 2020 तक हिन्दी महोत्सव मनाया गया। हिन्दी महोत्सव का शुभारंभ 14 सितंबर, 2020 को बैंक के प्रबंध निदेशक और उप प्रबंध निदेशक के ऑडियो संदेश जारी कर किया गया। बैंक में राजभाषा कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए महोत्सव के शुभारंभ के दिन सभी समूह प्रमुखों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान, बैंक में हिन्दी का प्रयोग बढ़ाने के लिए समूह प्रमुखों से सुझाव मांगने के लिए एक चर्चापरक सत्र आयोजित किया गया तथा समूह प्रमुखों की अलग से एक प्रतियोगिता भी कराई गई।
एक पखवाड़े तक चले इस महोत्सव के दौरान बैंक में हिन्दी का प्रयोग बढ़ाने और अधिकारियों को हिन्दी में काम करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम बैंक के वर्चुअल प्लैटफॉर्म पर किए गए।
बैंक के प्रबंध निदेशक श्री डेविड रस्कीना ने सभी अधिकारियों को महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि “हमें अपने दैनिक कामकाज में वृद्धिशील रूप से हिन्दी का प्रयोग करना चाहिए और हमेशा नई भाषाएं सीखने का प्रयास करना चाहिए। क्योंकि भाषाएं ज्ञान के नए द्वार खोलती हैं। उप प्रबंध निदेशक श्रीमती हर्षा बंगारी ने कहा कि “बैंक में हिन्दी का प्रयोग बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप कोई भी काम करने से पहले सोचिए कि क्या यह हिन्दी में हो सकता है।”
महोत्सव के समापन के अवसर पर प्रसिद्ध भाषा चिंतक और सांस्कृतिक एक्टिविस्ट डॉ. गणेश एन देवी ने स्टाफ सदस्यों से भाषाओं के संरक्षण और उन्हें बचाने के महत्त्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि “विश्व की सारी भाषाएं मानवता की धरोहर हैं। इसलिए हमें हर उस भाषा को बचाने का प्रयास करना चाहिए, जिसे हम जानते हैं।” उन्होंने कहा कि भाषाओं को हर हाल में बचाना चाहिए, क्योंकि जब एक भाषा मरती है तो उसके साथ उसमें छिपा ज्ञान का संपूर्ण भंडार खत्म हो जाता है।
बैंक के अधिकारियों के बच्चों के लिए बाल वाटिका कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। नई पीढ़ी को अपनी भाषाओं का महत्त्व समझाने और उन्हें अपनी भाषा से जोड़े रखने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को रेडियो मिर्ची की मशहूर आरजे सायमा ने होस्ट किया। इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों की पेंटिंग, गीत और नृत्य तथा कविता पाठ जैसी प्रस्तुतियां भी दिखाई गईं।
तकनीकी क्षेत्रों में हिन्दी का प्रयोग बढ़ाने के लिए ‘निर्यात बाजारों तक पहुंचने के लिए जरूरी माध्यम’ जैसे तकनीकी विषय पर महोत्सव के दौरान हिन्दी में वेबिनार का आयोजन भी किया गया। वेबिनार के दौरान निर्यात बाजारों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया कि निर्यात कारोबार में किस तरह के जोखिम हो सकते हैं और उन्हें कैसे कम किया जा सकता है। इस वेबिनार में 108 निर्यातकों ने हिस्सा लिया।
हिन्दी महोत्सव के दौरान बैंक के दो प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया। हिन्दी महोत्सव शुभारंभ के अवसर पर बैंक के प्रबंध निदेशक द्वारा बैंक की हिन्दी ई-पत्रिका ‘एक्ज़िम स्पर्श’ का विमोचन किया गया तथा महोत्सव के समापन के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के उपलक्ष्य में मुंबई में आयोजित सेमिनार की स्मारिका ‘भारतीय भाषाएं @ 2050 और आगे’ का विमोचन डॉ. गणेश देवी द्वारा किया गया।
एक्ज़िम बैंकः
एक्ज़िम बैंक भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं निवेश के वित्तपोषण, संवर्धन एवं सुगमीकरण में शामिल एक शीर्ष वित्तीय संस्था है। बैंक निर्यात अवसरों पर कई शोध अध्ययन एवं न्यूज बुलेटिन प्रकाशित करता है। हिन्दी तथा राजभाषा नीति के कार्यान्वयन में बैंक के प्रयासों को विभिन्न प्राधिकारियों द्वारा सराहा गया है तथा राजभाषा कार्यान्वयन के लिए बैंक को भारत सरकार, भारतीय रिज़र्व बैंक तथा अन्य एजेंसियों द्वारा विभिन्न पुरस्कार भी मिले हैं।
अधिक जानकाकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री धर्मेंद्र सचान, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केन्द्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केन्द्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई - 400 005. फोनः 022- 2217 2453; ई-मेल: rajbhasha@eximbankindia.in, वेबसाइट: www.eximbankindia.com
फोटो: एक्ज़िम बैंक में 14 से 30 सितंबर, 2020 तक मनाए गए हिन्दी महोत्सव के दौरान आयोजित वेबिनार में प्रसिद्ध भाषा चिंतक डॉ. गणेश देवी ने भाषाओं के संरक्षण पर बात की, वहीं रेडियो मिर्ची की मशहूर आरजे सायमा ने बाल वाटिका कार्यक्रम होस्ट किया। महोत्सव के दौरान बैंक के दो प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया।
