self

भारतीय निर्यात-आयात बैंक ने मालदीव सरकार को भारत सरकार की ओर से प्रदान की 400 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्‍यवस्‍था

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्‍ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से मालदीव सरकार को ग्रेटर माले कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के लिए 400 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है। 

इस संबंध में सोमवार, 12 अक्टूबर , 2020 को ऋण-व्‍यवस्‍था करार पर हस्ताक्षर किए गए। ऋण-व्यवस्था करार का आदान-प्रदान एक्ज़िम बैंक के महाप्रबंधक श्री निर्मित वेद तथा मालदीव सरकार के माननीय वित्त मंत्री श्री इब्राहिम अमीर के बीच हुआ।

उपरोक्त 400 मिलियन यूएस डॉलर के एलओसी करार पर हस्ताक्षर के साथ, एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से मालदीव सरकार को अब तक 1240 मिलियन यूएस डॉलर की कुल 3 (तीन) ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं मालदीव सरकार को ग्रेटर माले कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट, अड्डु विकास परियोजना, जल एवं सीवरेज परियोजनाओं, क्रिकेट स्टेडियम कॉम्प्लेक्स, गुलहिफालू बंदरगाह, हवाई अड्डे एवं सड़क निर्माण के लिए प्रदान की गई हैं। 

इस ऋण-व्यवस्था सहित एक्‍ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 62 देशों को 26.40 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 266 ऋण-व्‍यवस्‍थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत द्वारा निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्‍ध है। एक्‍ज़िम बैंक की ऋण-व्‍यवस्‍थाएं भारतीय निर्यातों को प्रोत्साहन देने के अतिरिक्त उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्‍पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।

अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री निर्मित वेद, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, किदवई नगर (पूर्व) नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700;  ईमेल: eximloc@eximbankindia.in वेबसाइट: www.eximbankindia.in

एक्ज़िम बैंक के महाप्रबंधक श्री निर्मित वेद तथा मालदीव सरकार के माननीय वित्त मंत्री श्री इब्राहिम अमीर के बीच ग्रेटर माले कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के लिए 400 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था करार पर हस्ताक्षर किए गए।