एक्ज़िम बैंक ने भारत सरकार की ओर से सिएरा लियोन गणराज्य को भारतीय कंपनियों द्वारा पेयजल परियोजना के लिए 15.00 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से सिएरा लियोन गणराज्य को 15.00 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है। यह ऋण-व्यवस्था चार समुदायों के लिए मौजूदा पेयजल सुविधा के पुनरुद्धार और चालू परियोजनाओं के विस्तार के लिए दी गई है। इसका उपयोग भारतीय कंपनियों द्वारा लगाई जाने वाली परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। इससे सिएरा लियोन में 4 समुदायों के लगभग 1,00,000 निवासी लाभान्वित होंगे।
इस ऋण व्यवस्था करार पर 05 फरवरी, 2021 को सिएरा लिओन सरकार के माननीय वित्त मंत्री श्री जैकब जुसू सफ़ा और एक्ज़िम बैंक के महाप्रबंधक श्री सरोज खुन्टिया द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
इस ऋण व्यवस्था करार के साथ एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से सिएरा लियोन गणराज्य को अब तक 168 मिलियन यूएस डॉलर की कुल 5 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं सिएरा लिओन सरकार को विद्युत, कृषि और पेयजल संबंधी परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई हैं।
इस ऋण-व्यवस्था सहित एक्ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 62 देशों को 26.59 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 267 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत द्वारा निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्ध है। भारतीय निर्यात को प्रोत्साहन देने के अतिरिक्त एक्ज़िम बैंक की ऋण-व्यवस्थाएँ उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री सरोज खुन्टिया, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, पूर्वी किदवई नगर, नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700 ई- मेल: eximloc@eximbankindia.in वैबसाइट: www.eximbankindia.in
