एक्ज़िम बैंक ने निकारागुआ सरकार को प्रदान की 7.35 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से निकारागुआ सरकार को 7.35 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है। यह ऋण-व्यवस्था निकारागुआ के मानागुआ में स्थित अस्पताल एंटोनियो लेनिन फॉन्सिका के हाइ टेक्नोलॉजी केंद्र में उपकरणों को बदलने और नए उपकरणों की आपूर्ति के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई है। इस परियोजना से निकारागुआ में आधुनिक अस्पताल का बुनियादी ढांचा विकसित करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी। परियोजना के जरिए भारत से मेडिकल उपकरणों का निर्यात बढ़ेगा।
इस ऋण-व्यवस्था करार पर निकारागुआ के वित्त एवं पब्लिक क्रेडिट मंत्रालय के माननीय जनरल वाइस मिनिस्टर श्री ख़ोसे आद्रियान चावर्रिया और एक्ज़िम बैंक के महाप्रबंधक श्री निर्मित वेद द्वारा 18 फरवरी, 2021 को हस्ताक्षर किए गए।
इस ऋण-व्यवस्था करार के साथ ही एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से निकारागुआ सरकार को अब तक 94.98 मिलियन यूएस डॉलर की कुल 5 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं निकारागुआ में विद्युत और हेल्थकेयर क्षेत्रों की परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई हैं।
इस ऋण-व्यवस्था करार सहित एक्ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 62 देशों को 26.64 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 269 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत द्वारा निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्ध है। भारतीय निर्यात को प्रोत्साहन देने के अतिरिक्त एक्ज़िम बैंक की ऋण-व्यवस्थाएँ उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री निर्मित वेद, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, किदवई नगर (पूर्व), नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700 ई- मेल: eximloc@eximbankindia.in वेबसाइट: www.eximbankindia.in
