एक्ज़िम बैंक ने गिफ्ट सिटी में लॉन्च की अपनी सब्सिडियरी
गुजरात इंटरनैशनल फायनैंस टेक सिटी (गिफ्ट सिटी) में भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) की सहायक कंपनी (सब्सिडियरी), ‘इंडिया एक्ज़िम फिनसर्व आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड’ (एक्ज़िम फिनसर्व) का 08 अगस्त, 2023 को शुभारंभ किया गया। डॉ. विवेक जोशी, सचिव, वित्तीय सेवाएं विभाग, वित्त मंत्रालय, भारत सरकार ने इसका उद्घाटन किया।
एक्ज़िम फिनसर्व भारतीय निर्यातकों को निर्यात फैक्टरिंग पर ध्यान केंद्रित करने के साथ विभिन्न व्यापार वित्त (ट्रेड फायनैंस) उत्पाद प्रदान करेगी। एक्ज़िम फिनसर्व की फैक्टरिंग सेवाओं से निर्यातकों को तीन जरूरी सेवाएं सुलभ होंगी- रिसीवेबल फायनैंसिंग, नॉन-पेमेंट के जोखिम का कवरेज और अकाउंट्स रिसीवेबल का प्रबंधन। इससे निर्यातकों के लिए नकदी प्रवाह बेहतर होगा और भुगतान जोखिम कम होगा। साथ ही, वे भरोसे के साथ नए बाजारों में कदम रख पाएंगे और अपनी वृद्धि के अवसरों को भुना पाएंगे। ये फैक्टरिंग सेवाएं सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए खास तौर पर लाभकारी होंगी, क्योंकि ये सेवाएं कोलैटरल के बजाय मुख्य रूप से लेनदारी लेखों की गुणवत्ता पर आधारित होती हैं।
एक्ज़िम फिनसर्व के उद्घाटन के अवसर पर वित्तीय सेवाएं विभाग के सचिव, डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि एक्ज़िम बैंक की सब्सिडियरी, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए वित्त की पहुंच आसान बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की दिशा में एक और बड़ा कदम है। उन्होंने उल्लेख किया कि माननीय वित्त मंत्री, श्रीमती निर्मला सीतारामन ने केंद्रीय बजट 2023 में इस सब्सिडियरी की घोषणा की थी। डॉ. जोशी ने कहा कि एक्ज़िम फिनसर्व की शुरुआत एकदम सही समय पर हो रही है और यह विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की जरूरत को देखते हुए इसकी शुरुआत का सबसे उपयुक्त समय है। उन्होंने विश्वास जताया कि एक्ज़िम फिनसर्व, फैक्टरिंग सेवाओं के लिए सुव्यवस्थित और सुगम फ्रेमवर्क का सदुपयोग करने तथा एमएसएमई निर्यातकों की जरूरतें पूरी करने वाली कंपनी साबित होगी।
एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक, सुश्री हर्षा बंगारी ने कहा कि एक्ज़िम फिनसर्व की शुरुआत एमएसएमई निर्यातकों के लिए वित्तपोषण विकल्पों की कमी को दूर करते हुए वित्तपोषण अंतर को भरने पर बैंक के बढ़ते फोकस के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि एक्ज़िम फिनसर्व अपनी फैक्टरिंग सेवाओं के जरिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों की निर्यात स्पर्धात्मकता को बढ़ाएगी। क्योंकि ये उद्यम इन सेवाओं के जरिए अपने ग्राहकों को प्रतिस्पर्धी ऋण शर्तें प्रदान कर सकेंगे और इसमें उन्हें न तो कोई जोखिम होगा और न ही नकदी प्रवाह की कठिनाई पेश आएगी। सुश्री बंगारी ने कहा कि एक्ज़िम फिनसर्व की शुरुआत के साथ एक्ज़िम बैंक अब ओपन अकाउंट ट्रेड के साथ-साथ बैंक-मध्यवर्ती व्यापार वित्त प्रदान कर रहा है।
अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवाएं केंद्र प्राधिकरण (आईएफएससीए) के अध्यक्ष, श्री के. राजारमन ने अपने संबोधन में, गिफ्ट सिटी में अनुकूल विनियामकीय परिवेश को रेखांकित किया और उल्लेख किया कि एक्ज़िम फिनसर्व, गिफ्ट सिटी में निर्यात फैक्टरिंग क्षेत्र में पहली वित्त कंपनी है जिसकी यहां बहुत जरूरत थी।
गिफ्ट सिटी के प्रबंध निदेशक और ग्रुप सीईओ, श्री तपन रे ने फीता काटकर एक्ज़िम फिनसर्व के कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक्ज़िम फिनसर्व, वित्तीय और टेक्नोलॉजिकल केंद्र के रूप में गिफ्ट सिटी की स्थिति को और मजबूत करेगी।
उद्घाटन समारोह के दौरान व्यापार वित्त पर एक्ज़िम बैंक के एक शोध अध्ययन का भी विमोचन किया गया, जिसका शीर्षक है- “व्यापार वित्त अंतर को भरने के लिए सहयोग बढ़ाना: जी20 देशों के लिए इनसाइट”। इस अध्ययन में उल्लेख किया गया है कि 2021-22 में व्यापार वित्त अंतर बढ़कर 2 ट्रिलियन यूएस डॉलर का हो गया है। अध्ययन में इस अंतर को भरने के लिए कुछ रणनीतियां सुझाई गई हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय भुगतानों को सुगम बनाने के लिए केवाईसी मानकों में एकरूपता लाना; बहुपक्षीय विकास बैंकों, निर्यात ऋण एजेंसियों और राष्ट्रीय विकास वित्त संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाना; आपूर्ति शृंखला वित्तपोषण समाधानों जैसे वैकल्पिक व्यापार वित्तपोषण की संभावनाएं तलाशना; जी20 देशों के बीच सहयोग के जरिए व्यापार वित्त सुविधा विकसित करना; और व्यापार वित्त नीति की संरचना तथा परिचालन को और बेहतर बनाने के लिए व्यापार वित्त से जुड़े डेटा के अभाव को दूर करने जैसी रणनीतियां शामिल हैं।
उद्घाटन समारोह में अन्य के साथ-साथ विभिन्न बैंकों/वित्तीय संस्थाओं के प्रमुखों, वरिष्ठ बैंकरों और निर्यातकों सहित 120 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
एक्ज़िम बैंक के बारे में:
एक्ज़िम बैंक की स्थापना 1981 में संसद के एक अधिनियम के जरिए हुई थी और यह भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली संस्था है। एक्ज़िम बैंक ने चार दशकों से अधिक समय से भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के वित्तपोषण, सुगमीकरण और संवर्धन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बैंक भारतीय कंपनियों को उनके व्यवसाय चक्र के सभी चरणों में व्यापक सहयोग प्रदान करते हुए उनके वैश्वीकरण प्रयासों में एक विश्वसनीय भागीदार बनकर उभरा है। पॉलिसी बैंक के रूप में एक्ज़िम बैंक, भारत सरकार की विकास भागीदारी को सुगम बनाने में भी अहम रहा है। बैंक मित्र देशों को उनकी विकास प्राथमिकताएं पूरी करने और परियोजनाओं में सकारात्मक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव उत्पन्न करने के लिए भारत सरकार की ओर से वित्त प्रदान करते हुए इस विकास भागीदारी में योगदान देता है। साथ ही, उच्च मूल्य वर्धित और प्रौद्योगिकी-गहन क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों के लिए लगातार बड़े अवसरों का सृजन करता है।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री पुष्पेश त्यागी, प्रबंध निदेशक और सीईओ, इंडिया एक्ज़िम फिनसर्व आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड, ऑफिस एफ-12, गिफ्ट हाउस, पहली मंज़िल, ब्लॉक 12, रोड 1-डी, ज़ोन-1, गिफ्ट एसईज़ेड, गिफ्ट सिटी, गांधीनगर-382355, ईमेलः pushpesh.t@eximfinserve.in
