self

‘भारत-ऑस्ट्रेलियाः बदलता व्यापार और निवेश परिदृश्य’ विषय पर एक्ज़िम बैंक का सेमिनार

इंडिया एक्ज़िम बैंक ने 08 अप्रैल, 2022 को ‘भारत-ऑस्ट्रेलियाः बदलता व्यापार और निवेश परिदृश्य’ विषयक अपने वेबिनार के दौरान “ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत का व्यापार और निवेश संबंधः हालिया रुझान और संभावना’ विषयक अपने शोध अध्ययन का विमोचन किया। इस शोध अध्ययन का विमोचन भारत में ऑस्ट्रेलिया के माननीय उच्चायुक्त श्री बैरी ओ’फैरेल एओ द्वारा किया गया। इस दौरान मुंबई में ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्य दूत श्री पीटर ट्रसवेल और इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। साथ ही, एक्सपोर्ट फायनैंस ऑस्ट्रेलिया के मुख्य जोखिम अधिकारी और जनरल काउंसिल श्री जॉन हॉपकिन्स; ऑस्ट्रेड, मुंबई की वरिष्‍ठ व्यापार एवं निवेश आयुक्त डॉ. मोनिका केनेडी; ऑस्ट्रेलिया इंडिया बिज़नेस काउंसिल के न्यू साउथ वालेस चैप्‍टर के प्रेसीडेंट श्री इरफान मलिक; और गेटवे हाउस मुंबई के सीनियर फैलो श्री अमित भंडारी भी उपस्थित रहे।  

इस शोध अध्ययन में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और बढ़ाने के लिए मौजूद अवसरों का उल्लेख किया गया है। इसमें 2020 तक अवधि के दौरान दोनों देशों के बीच कुल व्यापार का विश्‍लेषण किया गया है। शोध अध्ययन में बताया गया है कि 2017 में दोनों देशों के बीच कुल व्यापार 18 बिलियन यूएस डॉलर तक पहुंच गया था। इसमें निर्यात और आयात की बात की जाए तो भारत से ऑस्ट्रेलिया को 4 बिलियन यूएस डॉलर का निर्यात किया गया और ऑस्ट्रेलिया से भारत में 14 बिलियन यूएस डॉलर का आयात किया गया था। 

शोध अध्ययन में, व्यापार पूरकता विश्लेषण के जरिए ऐसी उपयुक्त उत्पाद श्रेणियां सुझाई गई हैं, जिनके निर्यातों में भारत बेहतर स्थिति में है और ये उत्पाद श्रेणियां उन उत्पादों के अनुरूप हैं, जिनकी ऑस्ट्रेलिया में भारी आयात मांग है। इस अध्ययन के अनुसार, मशीनरी और यांत्रिक उपकरणों, विद्युत मशीनरी और उपकरण, परिवहन वाहनों, दवा उत्पादों, अपैरल और कपड़ों से संबंधित सामग्री जैसी श्रेणियों में भारत के लिए अच्छी निर्यात संभावनाएं हैं। अध्ययन में इस बात पर भी प्रकाश डाला गया है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया निवेश संबंधों के विस्तार की काफी संभावनाएं हैं। ऑस्ट्रेलियाई अर्थव्यवस्था में अक्षय ऊर्जा, महत्त्वपूर्ण खनिजों आदि महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश के अवसर हैं और ये वे उद्योग हैं, जिन्हें इनमें भावी चैंपियन उद्योगों के तौर पर देखा जा रहा है। 

ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त ने अपने बीजवक्तव्य में कहा कि “भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों की संभावनाओं के बारे में बात करना इससे पहले कभी इतना आसान नहीं रहा, जितना बीते कुछ हफ्तों के दौरान हुई प्रगति से अब हो गया है। पिछले हफ्ते हुए आर्थिक सहयोग और व्यापार करार से हमारी अर्थव्यवस्थाओं के बीच होने वाले मौजूदा व्यापार के और अधिक फलने-फूलने के अवसर बढ़ेंगे और ये अवसर ख़ास तौर पर इंडिया एक्ज़िम बैंक के इस शोध अध्ययन में बताए गए क्षेत्रों में बढ़ेंगे।” 

इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने अपने संबोधन में इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सुदृढ़ व सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच होने वाले मौजूदा व्यापार तथा हालिया आर्थिक सहयोग और व्यापार करार (ईसीटीए) पर हस्ताक्षर से आने वाले समय में द्विपक्षीय सहयोग के अवसर कई क्षेत्रों में कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। सुश्री बंगारी ने यह भी कहा की ऑस्ट्रेलिया के साथ भारत का व्यापार 2020 में 10.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2021 में दोगुना से अधिक, 23 अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।

एक्सपोर्ट फायनैंस ऑस्ट्रेलिया के मुख्य जोखिम अधिकारी और जनरल काउंसिल श्री जॉन हॉपकिन्स ने ने अपने संबोधन में ऑस्ट्रेलिया और भारत के लिए आर्थिक और रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों, विशेष रूप से बुनियादी ढांचे और महत्वपूर्ण खनिजों में परियोजनाओं के वित्तपोषण पर एक साथ काम करने के बढ़ते अवसरों पर जोर दिया।   

सेमिनार के दौरान, वक्ताओं ने वर्ष 2021 में सर्वकालिक उच्च स्तर पर रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापार की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की। साथ ही, पारस्परिक हित के क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलिया में भारत का व्यापार और निवेश बढ़ाने के अवसरों पर भी चर्चा की। 

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः 
श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, शोध एवं विश्लेषण समूह
भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, 
विश्‍व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400 005.
फोनः +91 22-2286 0363, ईमेलः dsinate@eximbankindia.in