self

सूक्ष्म एवं ग्रासरूट उद्यमों की व्यवसाय संभावनाएं बढ़ाता एक्ज़िम बाज़ार शुरू

इस चार दिवसीय प्रदर्शनी में होंगे भारत के 20 राज्यों के 75 दस्तकार

अहमदाबाद, 01 अक्टूबर, 2021 : सुविख्यात मानवतावादी और पद्मश्री से सम्मानित, सुश्री रीमा नानावटी ने इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी के साथ आज अहमदाबाद के वस्त्रपुर स्थित अहमदाबाद हाट में सातवें ‘एक्ज़िम बाज़ार’ का उद्घाटन किया। इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा आयोजित इस बाजार में शुक्रवार से सोमवार, 01 से 04 अक्टूबर, 2021 तक देश भर के पारंपरिक और समकालीन कला और शिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।    

यह प्रदर्शनी इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है कि इसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों के स्थानीय, स्वदेशी कारीगरों को सहायता प्रदान करना है। सुश्री नानावटी ने महिला दस्तकारों को सशक्त बनाने में एक्ज़िम बाजार की भूमिका की सराहना की और कहा “महामारी के कारण दस्तकारों के व्यवसाय क्षेत्र पर काफी असर पड़ा है, जिसकी वजह से उन्हें काफी नुकसान हुआ है। तालाबंदी के चलते महिलाओं तथा उनके परिजनों के लिए वित्तीय और पारिवारिक तनाव को झेलना काफी मुश्किल रहा। ऐसे में उनके काम को प्रदर्शित करने और उन्हें उनके अतीत से निकालने के लिए इस तरह के बाजार जैसे अवसरों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।“

इस प्लैटफॉर्म के जरिए ग्रासरूट उद्यमों को लाभ क्यों मिलना चाहिए, इसके जवाब में सुश्री बंगारी ने कहा “हमें ख़ुशी है कि हम, भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्षों के उपलक्ष्य में आज़ादी का अमृत महोत्सव को यादगार बनाने के लिए, देश भर के 75 कारीगरों को एक साथ ला रहे हैं। अहमदाबाद के दस्तकारों की सकारात्मक प्रतिक्रिया हमारे लिए प्रेरणादायक है। इससे देश की स्थानीय कलाओं के प्रति राज्य के लोगों की रुचि साफ झलकती है। इंडिया एक्ज़िम बैंक, इस एक्ज़िम बाज़ार का आयोजन व्यक्तिगत स्तर पर काम करने वाले दस्तकारों के साथ-साथ सूक्ष्म और ग्रासरूट स्तर के उद्यमों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करता है। इसका उद्देश्य दस्तकारों के उत्पादों को बाजारों तक पहुंचाना और उनके ब्रांड को आगे बढ़ाना है। इससे इन दस्तकारों का ग्राहकों से सीधे संपर्क स्थापित हो सकेगा और भविष्य में बिक्री के रास्ते खुलेंगे। साथ ही उपभोक्ताओं की पसंद को समझने, उद्योग जगत से जुड़ी जानकारियां हासिल करने और नए रुझानों को जानने में भी मदद मिलेगी।“

इस प्रदर्शनी में गुजरात के ही 10 से अधिक दस्तकार अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनी में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, कर्नाटक, कश्मीर, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश सहित देश के अन्य राज्यों के दस्तकार भी उपस्थित हैं। इस प्रदर्शनी में हिस्सा लेने वाले कुछ दस्तकारों और बुनकरों को राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जा चुका है, जिनके उत्पादों में उनका कौशल, प्रतिभा और तकनीक स्पष्ट दिखलाई पड़ती है। 

इस प्रदर्शनी में मधुबनी पेंटिंग, चमड़े की कठपुतली, वारली पेंटिंग, पिछवाई पेंटिंग, फुलकारी कढ़ाई, पट्टचित्र पेंटिंग, फड़ पेंटिंग, बनारसी सिल्क के कपड़े, लाख की चूड़ियां, कावड़ पेंटिंग, कलमकारी पेंटिंग, चंदेरी बुनाई, चीनी-मिट्टी के बर्तन, बिदर कला जैस कलात्मक उत्पाद प्रदर्शन और बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।  

उद्घाटन के अवसर पर इंडिया एक्ज़िम बैंक के महाप्रबंधक श्री धर्मेंद्र सचान ने कहा कि 'इंडिया एक्ज़िम बैंक अपने ग्रासरूट पहलें तथा विकास एवं मार्केटिंग सलाहकारी सेवाएं कार्यक्रमों के तहत दस्तकारों, मास्टर कारीगरों, बुनकरों, क्लस्टरों, स्वयं सहायता समूहों, गैर-सरकारी संगठनों, ग्रासरूट और सूक्ष्म उद्यमों को क्षमता निर्माण के जरिए भारत और विदेशों में व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में भागीदारी करने तथा विदेश में खरीदारों और वितरकों का पता लगाने में सहायता प्रदान करता है। इन कार्यक्रमों के तहत प्रदान की गई सहायता के जरिए वित्तीय सशक्तीकरण, रोजगार सृजन और दस्तकारों में उद्यमिता को बढ़ावा देने में मदद मिली है। साथ ही ये कार्यक्रम सदियों पुराने पारंपरिक हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को सहेजे रखने और इन्हें आगे बढ़ाने में भी सहायक हैं।“

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:  

श्री धर्मेंद्र सचान, महाप्रबंधक, ग्रिड एवं मास, इंडिया एक्ज़िम बैंक

8वीं मंज़िल, मेकर चैंबर IV, नरीमन पॉइंट, मुंबई 400 021

फोन : +91-22-22861300;  ई-मेल: grid@eximbankindia.in