भारतीय निर्यात-आयात बैंक ने भारत सरकार की ओर से टोगो सरकार को प्रदान की 40 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से टोगो सरकार को 40 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है। यह ऋण-व्यवस्था सौर फोटोवोल्टिक प्रणाली के जरिए टोगो के 350 गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए प्रदान की गई है।
कैप्शनः फोटोवोल्टिक प्रणाली के जरिए टोगो के 350 गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए 23 जून, 2021 को टोगो की राजधानी लोम में 40 मिलियन यूएस डॉलर के ऋण-व्यवस्था करार का आदान-प्रदान करते टोगो के माननीय अर्थव्यवस्था एवं वित्त मंत्री श्री सानी याया और एक्ज़िम बैंक के आबिदजान प्रतिनिधि कार्यालय के निवासी प्रतिनिधि श्री जी. सेल्वा कुमार। इस अवसर पर टोगो की माननीय खान एवं ऊर्जा मंत्री सुश्री मिला आज़िआब्ले और टोगो में भारतीय दूतावास के कार्य प्रभारी श्री प्रवीण चंद्र कला उपस्थित रहे।
इस ऋण-व्यवस्था करार पर टोगो सरकार की ओर से टोगो के माननीय अर्थव्यवस्था एवं वित्त मंत्री श्री सानी याया और एक्ज़िम बैंक के आबिदजान प्रतिनिधि कार्यालय के निवासी प्रतिनिधि श्री जी. सेल्वा कुमार द्वारा हस्ताक्षर किए गए। उक्त करार का आदान-प्रदान, 23 जून, 2021 को टोगो की राजधानी लोम में किया गया। इस दौरान टोगो की माननीय खान एवं ऊर्जा मंत्री सुश्री मिला आज़िआब्ले और टोगो में भारतीय दूतावास के कार्य प्रभारी श्री प्रवीण चंद्र कला उपस्थित रहे।
40 मिलियन यूएस डॉलर के इस ऋण-व्यवस्था करार के साथ ही एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से टोगो सरकार को अब तक 150 मिलियन यूएस डॉलर की कुल 5 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं टोगो में ग्रामीण इलाकों में विद्युतीकरण, कृषि, ट्रांसमिशन लाइनों और सौर ऊर्जा संबंधी क्षेत्रों के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई हैं।
इस ऋण-व्यवस्था सहित एक्ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 62 देशों को 26.98 बिलियन यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 274 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत से निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्ध है। भारत से निर्यातों को बढ़ावा देने के अतिरिक्त एक्ज़िम बैंक की ऋण-व्यवस्थाएं उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री गौरव भण्डारी, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, किदवई नगर (पूर्व), नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700 ई- मेल: eximloc@eximbankindia.in वेबसाइट: www.eximbankindia.in
