भारतीय निर्यात-आयात बैंक ने गिनी सरकार को भारत सरकार की ओर से प्रदान की 20.506 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (एक्ज़िम बैंक) ने भारत सरकार की ओर से गिनी सरकार को कनकन और ज़ैरेकोरे में क्षेत्रीय अस्पतालों की निर्माण एवं उन्नयन परियोजना के वित्तपोषण के लिए 20.506 मिलियन यूएस डॉलर की ऋण-व्यवस्था प्रदान की है।
इस संबंध में नई दिल्ली में मंगलवार, 29 सितंबर, 2020 को ऋण-व्यवस्था करार पर हस्ताक्षर किए गए। एक्ज़िम बैंक के महाप्रबंधक श्री सरोज खुंटिया और नई दिल्ली, भारत में गिनी दूतावास के माननीय राजदूत, श्री फातोमता बाल्दे के बीच ऋण-व्यवस्था करार का आदान प्रदान किया गया।
उपरोक्त 20.506 मिलियन यूएस डॉलर के एलओसी करार पर हस्ताक्षर के साथ, एक्ज़िम बैंक द्वारा भारत सरकार की ओर से गिनी सरकार को अब तक 245.73 मिलियन यूएस डॉलर की कुल 4 (चार) ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। ये ऋण-व्यवस्थाएं गिनी सरकार को 130 बेड वाले प्रसूति अस्पतालों, सौर परियोजनाओं के निर्माण एवं स्थापना के लिए और ग्रांड कोनाक्री में पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं के वित्तपोषण के लिए प्रदान की गई हैं।
इस ऋण-व्यवस्था सहित एक्ज़िम बैंक द्वारा अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका तथा सीआईएस क्षेत्र के 62 देशों को 25.68 अरब यूएस डॉलर की ऋण-प्रतिबद्धता के साथ कुल 265 ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान की जा चुकी हैं। यह राशि भारत द्वारा निर्यातों के वित्तपोषण हेतु उपलब्ध है। भारतीय निर्यात को प्रोत्साहन देने के अतिरिक्त एक्ज़िम बैंक की ऋण-व्यवस्थाएँ उभरते बाजारों में भारत की विशेषज्ञता और परियोजना निष्पादन क्षमताओं को भी प्रदर्शित करती हैं।
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: श्री गौरव भंडारी, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, ऑफिस ब्लॉक, टावर-1, 7वीं मंज़िल, एड्जेसेंट रिंग रोड, पूर्वी किदवई नगर, नई दिल्ली – 110023, फोन :+91-11-24607700 ई- मेल: eximloc@eximbankindia.in वेबसाइट: www.eximbankindia.in
