माननीय वित्त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारामन ने लॉन्च किया इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा विकसित ‘नेत्र’ (न्यू ई-ट्रैकिंग एंड रिमोट एडमिनिस्ट्रेशन) प्लैटफॉर्म
भारत सरकार की हालिया पहलों ने भारतीय विकास एवं आर्थिक सहायता योजना (आयडियाज़) को नए आयाम दिए हैं और इस अमृत काल में देश को विकास भागीदारी के लिए नए सिरे से तैयार करते हुए एक नई राह बनाई है। माननीय वित्त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्री, भारत सरकार, श्रीमती निर्मला सीतारामन ने नई दिल्ली में 8 जून, 2022 को विज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। वह ‘भारत की आर्थिक यात्रा @ 75’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर वित्त और कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय द्वारा मनाए जा रहे ऐतिहासिक सप्ताह के क्रम में किया गया।
इस अवसर पर, श्रीमती सीतारामन ने भारत सरकार की ओर से भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) द्वारा आयडियाज़ के अंतर्गत दी जाने वाली रियायती ऋण-व्यवस्थाओं और इनसे भारत तथा भागीदार देश, दोनों को होने वाले विभिन्न फायदों के बारे में बात की। उन्होंने भागीदार देशों को आर्थिक और बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं के लिए सहायता देने और उनसे सामाजिक-आर्थिक प्रभाव उत्पन्न करने, द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने, और क्षमता विकास एवं कौशल हस्तांतरण में सहयोग के लिए भारत के विकास अनुभवों को साझा करने में आयडियाज़ की सफलता का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने व्यापार में विस्तार और उससे होने वाली आर्थिक वृद्धि तथा देश में रोजगार सृजन के जरिए आयडियाज़ से होने वाले समसामयिक लाभों को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान, आयडियाज़ के अंतर्गत दी गई ऋण-व्यवस्थाओं के प्रभाव पर इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा बनाए गए एक वीडियो में आयडियाज़ के बढ़ते स्कोप और स्तर को दिखाया गया। साथ ही, भागीदार देशों में लगाई गई कुछ चुनिंदा परियोजनाएं भी दिखाई गईं, जिनसे बहु-आयामी सामाजिक-आर्थिक लाभ मिले हैं। इस वीडियो से आयडियाज़ दिशानिर्देशों और इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा तैयार किए गए मॉडल दस्तावेज़ों की जानकारी भी मिलती है, जिससे खरीद प्रक्रिया आसान हुई है और आयडियाज़ के अंतर्गत परियोजनाओं के क्रियान्वयन और गुणवत्ता में भी सुधार आया है।
ऐसे समय में जब देश अमृत महोत्सव से अमृत काल की ओर बढ़ रहा है, श्रीमती सीतारामन ने विकास भागीदारी के लिए भारत की प्रतिबद्धता की तरफ ओर एक और कदम के रूप में ‘नेत्र’ (न्यू ई-ट्रैकिंग एंड रिमोट एडमिनिस्ट्रेशन) नाम का एक प्लैटफॉर्म भी लॉन्च किया। यह डायनैमिक मॉनिटरिंग प्लैटफॉर्म इंडिया एक्ज़िम बैंक ने विकसित किया है। इस ‘नेत्र’ पर आयडियाज़ के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं के बारे में तमाम जानकारियों के साथ-साथ उनके रियल-टाइम अपडेट मिलेंगे। साथ ही, परियोजनाओं की गुणवत्ता को बनाए रखते हुए उन्हें तीव्र गति से पूरा किया जा सकेगा। ‘नेत्र’ प्लैटफॉर्म पर 200 से ज्यादा डेटा पॉइंट कैप्चर किए जा सकते हैं, ताकि भारत सरकार द्वारा रियायती ऋण-व्यवस्था की घोषणा करने से लेकर अनुमोदन प्रक्रिया की निगरानी और परियोजना के क्रियान्वयन तक हर चरण की जानकारी सुलभ हो सके। संशोधित आयडियाज़ दिशानिर्देशों और मॉडल दस्तावेजों के साथ-साथ यह ‘नेत्र’ प्लैटफॉर्म भारत के लिए विकास सहयोग के नए युग का अगुआ होगा।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः
सुश्री दीपाली अग्रवाल, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400005, फोन: +91-22-22172700
ई-मेल : ccg@eximbankindia.in
