इंडिया एक्ज़िम बैंक ने की ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार 2021 के विजेता की घोषणा
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) द्वारा 08 सितंबर, 2021 को ऑनलाइन आयोजित किए गए वार्षिक ब्रिक्स वित्तीय फोरम 2021 के दौरान बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी द्वारा डॉ. राहुल सिंह को इंडिया एक्ज़िम बैंक के ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार 2021 का विजेता घोषित किया गया। इस दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक श्री एन. रमेश भी उपस्थित रहे।
08 सितंबर, 2021: भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) द्वारा 08 सितंबर, 2021 को ऑनलाइन आयोजित किए गए वार्षिक ब्रिक्स वित्तीय फोरम 2021 के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक के ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार 2021 के विजेता की घोषणा की गई। यह पुरस्कार डॉ. राहुल सिंह को ‘’उदारीकरण के बाद के भारत में अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर आलेख’’शीर्षक वाली उनकी डॉक्टोरल थीसिस के लिए प्रदान किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी द्वारा प्रदान किया गया। ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार के अंतर्गत 15 लाख रुपये (लगभग 21,000 यूएस डॉलर) की राशि, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इस दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक श्री एन. रमेश तथा भारत सरकार के माननीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड एवं ब्रिक्स सदस्य विकास बैंकों अर्थात ब्राजीलियन डेवलपमेंट बैंक (बीएनडीईएस); स्टेट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (वीईबी.आरएफ); चाइना डेवलपमेंट बैंक (सीडीबी)और डेवलपमेंट बैंक ऑफ सदर्न अफ्रीका (डीबीएसए) तथा न्यू डेवलपमेंट बैंक के प्रमुख इस वित्तीय फोरम में वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. कराड द्वारा डॉ. सिंह की पुरस्कृत थीसिस पर आधारित इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रासंगिक आलेख का भी विमोचन किया गया।
पुरस्कृत थीसिस
डॉ. राहुल सिंह ने भारतीय प्रबंध संस्थान,बेंगलूर से 2020 में अपनी डॉक्टोरल डिग्री हासिल की थी। वह फिलहाल अमृत मोदी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, अहमदाबाद विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार
वर्ष 2016 में ब्रिक्स फोरम की अध्यक्षता भारत ने की थी और उसी साल ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग तंत्र की अध्यक्षता एक्ज़िम बैंक द्वारा की गई थी। मार्च 2016 में ही इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार की स्थापना की गई थी। इस पुरस्कार का उद्देश्य ब्रिक्स सदस्य देशों के लिए प्रासंगिक अर्थशास्त्र संबंधी विषयों पर शोध को बढ़ाना और प्रोत्साहन देना है।
ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र, व्यापार और विकास तथा संबंधित वित्तपोषण के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रयासों को बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है। इस पुरस्कार के लिए ब्रिक्स देशों के नागरिकों द्वारा लिखी गई ऐसी डॉक्टोरल थीसिस प्रविष्टि के रूप में स्वीकार की जाती हैं, जिन्हें किसी भी प्रतिष्ठित वैश्विक विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि दे दी गई है या डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान करने के लिए उन्हें स्वीकार कर लिया गया है। इस पुरस्कार संबंधी सूचना प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए वैश्विक स्तर पर प्रसारित की गई थी। ब्रिक्स पुरस्कार 2021 के लिए उक्त सभी पांचों देशों से काफी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक,भारतीय निर्यात-आयात बैंक,केंद्र एक भवन, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400 005, फोनः +91-22-2217-2708, फैक्सः 022-2218 0743, ईमेलःdsinate@eximbankindia.in
