इंडिया एक्ज़िम बैंक ने की ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार 2022 के विजेता की घोषणा
चाइना डेवलपमेंट बैंक (सीडीबी) की मेजबानी में 17 जून, 2022 को ऑनलाइन आयोजित किए गए वार्षिक ब्रिक्स वित्तीय फोरम के दौरान डॉ. अपूर्व गुप्ता को इंडिया एक्ज़िम बैंक के ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार 2022 का विजेता घोषित किया गया। इस दौरान ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग व्यवस्था के सदस्य विकास बैंकों के प्रमुख भी उपस्थित रहे।
17 जून, 2021: भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने 17 जून, 2022 को इंडिया एक्ज़िम बैंक के ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार 2022 के विजेता की घोषणा की। यह पुरस्कार डॉ. अपूर्व गुप्ता को प्रदान किया गया है। इसकी घोषणा चाइना डेवलपमेंट बैंक (सीडीबी) की मेजबानी में ऑनलाइन आयोजित किए गए वार्षिक ब्रिक्स वित्तीय फोरम के दौरान की गई। इस दौरान, ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग व्यवस्था के सदस्य विकास बैंकों अर्थात ब्राजीलियन डेवलपमेंट बैंक (बीएनडीईएस); वीईबी.आरएफ; चाइना डेवलपमेंट बैंक (सीडीबी); भारतीय निर्यात-आयात बैंक और डेवलपमेंट बैंक ऑफ सदर्न अफ्रीका (डीबीएसए) तथा न्यू डेवलपमेंट बैंक के प्रमुख उपस्थित रहे। ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार के अंतर्गत 15 लाख रुपये (लगभग 20,000 यूएस डॉलर) की राशि, पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है।
पुरस्कृत थीसिस
डॉ. अपूर्व गुप्ता को यह पुरस्कार “वित्त और विकास पर आलेख” शीर्षक वाली उनकी डॉक्टोरल थीसिस के लिए दिया गया है। डॉ. गुप्ता ने नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी, यूएसए से 2020 में अपनी डॉक्टोरल डिग्री हासिल की थी। वह फिलहाल डार्टमाउथ कॉलेज, यूएसए में अर्थशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार
वर्ष 2016 में ब्रिक्स फोरम की अध्यक्षता भारत ने की थी और उसी साल इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग तंत्र की अध्यक्षता की गई थी। मार्च 2016 में ही इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा ब्रिक्स आर्थिक शोध पुरस्कार की स्थापना की गई थी। इस पुरस्कार का उद्देश्य ब्रिक्स सदस्य देशों के लिए प्रासंगिक अर्थशास्त्र संबंधी विषयों पर शोध को बढ़ाना और प्रोत्साहन देना है।
ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय अर्थशास्त्र, व्यापार और विकास तथा संबंधित वित्तपोषण के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के इंडिया एक्ज़िम बैंक के प्रयासों को बढ़ाने की दिशा में एक और कदम है। इस पुरस्कार के लिए ब्रिक्स देशों के नागरिकों द्वारा लिखी गई ऐसी डॉक्टोरल थीसिस प्रविष्टि के रूप में स्वीकार की जाती हैं, जिन्हें किसी भी प्रतिष्ठित वैश्विक विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि दे दी गई है या डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान करने के लिए उन्हें स्वीकार कर लिया गया है। इसकी सूचना प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए वैश्विक स्तर पर प्रसारित की गई थी।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक,
भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400 005,
फोनः +91-22-2286-0363, फैक्सः 022-2218 0743,
ईमेलःdsinate@eximbankindia.in
