self

इंडिया एक्ज़िम बैंक के व्यापार सहायता कार्यक्रम से जुड़ा आरबीएल बैंक लिमिटेड

मुंबई, 27 फरवरी, 2023: भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) और आरबीएल बैंक ने 27 फरवरी, 2023 को मुंबई में कंफर्मिंग बैंक करार किया और इस तरह आरबीएल बैंक इंडिया एक्ज़िम बैंक के व्यापार सहायता कार्यक्रम (टैप) के अंतर्गत जुड़ गया। इस दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी और आरबीएल बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ श्री आर. सुब्रमण्यकुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। 

व्यापार वित्त अंतरराष्‍ट्रीय व्यापार के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण होता है और कई मामलों में, विशेष रूप से उभरते बाजारों के मामलों में तो यह इतना जरूरी होता है कि वस्तुओं का सीमापार परिवहन इसके बिना संभव नहीं हो पाता है। तथापि, यह व्यापार के लिए न्यून-जोखिम वाली आस्ति है। फिर भी आर्थिक विपत्तियों के समय यह प्रभावित होता है। महामारी के बाद बदले परिदृश्य में वैश्‍विक व्यापार मांगों और बढ़ती जरूरतों के अनुरूप, एक सुदृढ़ वित्त कार्यक्रम की जरूरत महसूस की जाती रही है। 

इसी पृष्‍ठभूमि में, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने व्यापार को सुगम बनाने के क्रम में एक नई पहल की है, जिसका नाम है- ‘व्यापार सहायता कार्यक्रम’ (टैप)। इसके अंतर्गत अंतरराष्‍ट्रीय व्यापार के लिए सहायता प्रदान की जाती है। यह सहायता व्यापार लिखतों (ट्रेड इंस्ट्रूमेंट्स) की ऋण सीमा बढ़ाने के रूप में होती है। इसके अंतर्गत इंडिया एक्ज़िम बैंक अंतरराष्‍ट्रीय व्यापार ट्रांज़ैक्शन के सहयोग के लिए वाणिज्यिक बैंकों / वित्तीय संस्थाओं की क्षमता को बढ़ाता है। यह उन बाज़ारों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जहां व्यापार के लिए ऋण मिलने में दिक्कत आती है या जहां क्षमताओं का दोहन नहीं किया गया है और इस प्रकार के सहयोग के अभाव में ट्रांज़ैक्शन नहीं हो पाएंगे।  

इस अवसर पर इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने कहा कि, “अंतरराष्‍ट्रीय व्यापार ट्रांज़ैक्शनों को सहयोग के लिए आरबीएल बैंक का इंडिया एक्ज़िम बैंक के व्यापार सहायता कार्यक्रम के साथ जुड़ना हमारे लिए खुशी की बात है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका आदि क्षेत्रों में कई व्यापार ट्रांज़ैक्शनों को सहयोग दिया है। यह सहयोग कृषि सहित ऑटोमोटिव और ऑटोमोटिव पार्ट्स, पूंजीगत और इंजीनियरिंग सामान, खाद्य, लौह और इस्पात तथा टेक्सटाइल जैसे कई क्षेत्रों में व्यापार के लिए दिया गया है।” 

आरबीएल बैंक के प्रबंध निदेशक और सीईओ श्री आर सुब्रमण्यकुमार ने कहा, “इंडिया एक्ज़िम बैंक से जुड़ना हमारे लिए हर्ष का विषय है। हमारा मानना है कि सुदृढ़ तकनीकी उत्पादों के साथ हमारे ग्राहक-केंद्रित दृष्‍टिकोण को इंडिया एक्ज़िम बैंक के वैश्‍विक नेटवर्क का लाभ मिलेगा। इस करार के वित्तपोषण ढांचे के जरिए हमें ऐसे बाजारों में व्यापार सेवाएं देने का अवसर मिलेगा, जिनकी क्षमताओं का अभी दोहन नहीं किया गया है और वैश्‍विक व्यापार से जुड़ा जोखिम भी कम होगा।”

 

इंडिया एक्ज़िम बैंक के बारे में 

इंडिया एक्ज़िम बैंक की स्थापना भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व में संसद के एक अधिनियम के तहत 1982 में हुई थी। यह निर्यातों और आयातों का वित्तपोषण करने वाली संस्थाओं के कार्यों का समन्वय करने वाली प्रमुख वित्तीय संस्था है। इंडिया एक्ज़िम बैंक ने पिछले कुछ वर्षों में भारत के अंतरराष्‍ट्रीय व्यापार एवं निवेश के संवर्धन, वित्तपोषण और सुगमीकरण के जरिए वैश्‍विक अर्थव्यवस्था में भारत के एकीकरण को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाई है। बैंक ने अपने विभिन्‍न कार्यक्रमों के जरिए कई भारतीय कंपनियों को प्रतिस्पर्धी बनने और वैश्‍विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने में योगदान दिया है।   

 

आरबीएल बैंक के बारे में 

आरबीएल बैंक भारत के निजी क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में से एक है, जो देशभर में मौजूदगी बढ़ा रहा है। बैंक पांच व्यवसाय क्षेत्रों में विशिष्‍ट सेवाएं प्रदान करता है। इनमें कॉर्पोरेट और संस्थागत बैंक, वाणिज्यिक बैंकिंग, शाखा और व्यवसाय बैंकिंग, रिटेल असेट और ट्रेजरी तथा वित्तीय बाजार परिचालन शामिल हैं। वर्तमान में देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसकी 516 शाखाएं, 12 मिलियन ग्राहक हैं; 1,168 बिज़नेस कॉरेस्पॉन्डेंट शाखाएं (जिनमें से 298 बैंकिंग आउटलेट हैं) और 413 एटीएम (कुल ग्राहक टचपइंट 2,097) हैं। आरबीएल बैंक एनएसई और बीएसई दोनों पर लिस्टेड है। 

 

मीडिया संबंधी सवालों के लिए कृपया संपर्क करें

इंडिया एक्ज़िम बैंक 
रूपेश कुमार शर्मा 
उप महाप्रबंधक
फोन: +91-22-22172693 
ई-मेल: tap@eximbankindia.in