self

देश से निर्यातों को बढ़ावा देने के लिए इंडिया एक्ज़िम बैंक ने भारतीय फार्मा कंपनियों के सहयोग के लिए बढ़ाया हाथ

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने जापान बैंक फॉर इंटरनैशनल को-ऑपरेशन (जेबिक) और औषधि निर्यात संवर्धन परिषद (फार्मेक्सिल) के साथ मिलकर 01 सितंबर, 2021 को ‘नवोन्मेषी निधिक ढांचा और कोविड-19 संबंधी फार्मा उत्पाद विनिर्माताओं को सहायता’ विषय पर एक वेबिनार आयोजित किया। यह वेबिनार कोविड इकोसिस्टम में काम कर रहीं फार्मा कंपनियों की जरूरतें पूरी करने के लिए इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा की जा रही श्रृंखलाबद्ध बाजार वार्ताओं का हिस्सा रहा। इसकी पहली कड़ी में इंडिया एक्ज़िम बैंक, जेबिक और फार्मेक्सिल साथ आए और कोविड टीके के भारतीय विनिर्माताओं (मौजूदा और संभावित) से चर्चा कर उनकी वित्तपोषण संबंधी जरूरतें और उनके लिए उपलब्ध वित्तपोषण विकल्पों को जाना। यह चर्चा,वैक्सीन निर्माताओं के बीच अन्य बाजारों में भी क्षमता निर्माण/क्षमता विस्तार और संभावित अवसरों में रुचि पैदा करने में सफल रही।इस वेबिनार में फार्मा उद्योग से जुड़े लगभग 100 लोगों ने हिस्सा लिया। 

वेबिनार में इंडिया एक्ज़िम बैंक और जेबिक द्वारा फार्मा कंपनियों के लिए संभावित वित्तपोषण विकल्पोंपर चर्चा की गई, जिनकी कोविड-19 के विरुद्ध जंग में अहम भूमिका रही। इंडिया एक्ज़िम बैंक फार्मा कंपनियों को वित्तपोषण के कई विकल्प प्रदान करता है, जिनमें आयातकों के लिए व्यापार वित्त (प्रत्यक्ष और विदेशी बैंकों या वित्तीय संस्थाओं के जरिए), अनुसंधान एवं विकास के लिए मीयादी ऋण और अपने हाल ही में शुरू किए गए उभरते सितारे कार्यक्रम के जरिए नई तथा अतिरिक्त इकाइयों में निवेश और फार्मा कंपनियों के वेंडरों को सहायता प्रदान करता है। इंडिया एक्ज़िम बैंक, जेबिक के साथ मिलकर कोविड इकोसिस्टम में काम कर रहीं फार्मा कंपनियों को प्रतिस्पर्धी दरों पर वित्तपोषण के विकल्प प्रदान करेगा। 

जेबिक के साथ यह सहयोग कोविड-19 महामारी को जड़ से खत्म करने के लिए क्वाड सदस्यों (यूएसए, ऑस्ट्रेलिया, जापान और भारत) की भागीदारी का परिणाम है। क्वाड नेतृत्व मिलकर कोविड-19 टीके के सुरक्षित और प्रभावी विनिर्माण के लिए जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं। 

मीडिया संपर्क
श्री उदय शिंदे 
महाप्रबंधक,
कॉर्पोरेट संचार समूह,
फोन: +91-22-22172829
मोबाइल: +91- 91672-29352
ई-मेल: uday@eximbankindia.in