इंडिया एक्ज़िम बैंक ने राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाते के अंतर्गत मालदीव सरकार को प्रदान कीं कुल 226.95 मिलियन यूएस डॉलर की क्रेता ऋण सुविधाएं
भारतीयनिर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने फाही दिरिउलहुन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एफडीसीएल), मालदीव सरकार को राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाते के अंतर्गत 226.95 मिलियन यूएस डॉलर की दो क्रेता ऋण सुविधाएं प्रदान की हैं। ये सुविधाएं मालदीव के हुलहुमाले में 4000 घरों के निर्माण के लिए दी गई हैं। यह निर्माण कार्य एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड (एनबीसीसी) और जेएमसी प्रोजेक्ट्स (इंडिया) लिमिटेड (जेएमसी) द्वारा किया जाना है। इन सुविधाओं के लिए क्रेता ऋण करारों पर एफडीसीएल, मालदीव की प्रबंध निदेशक सुश्री साल्फिया अनवर द्वारा एक वर्चुअल हस्ताक्षर समारोह के दौरान हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर इंडिया एक्ज़िम बैंक की महाप्रबंधक सुश्री शिल्पा वाघमारे, मालदीव में भारत के उच्चायुक्त श्री संजय सुधीर, मालदीव के माननीय वित्तमंत्री श्री इब्राहिम अमीर, मालदीव के माननीय आर्थिक विकास मंत्री श्री फैय्याज़ इस्माइल, मालदीव के माननीय राष्ट्रीय आयोजना, आवास और अवसंरचना राज्य मंत्री श्री अकरम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उम्मीद की जा रही है कि इन परियोजनाओं से मालदीव के नागरिकों के सामाजिक-आर्थिक कल्याण की दिशा में और सकारात्मक परिवर्तन आएंगे।
इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा इससे पहले, एनईआईए योजना के अंतर्गत मालदीव के हुलहुमाले में सड़क नेटवर्क विकास के लिए सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने एनईआईए योजना के अंतर्गत अफ्रीका में घाना, ज़ाम्बिया, कैमरून, कोत दि’वार, मॉरिटानिया, मेडागास्कर, तंज़ानिया और सेनेगल; एशिया में श्रीलंका; और लैटिन अमेरिका में सूरीनाम में जल, विद्युत, रेलवे, परिवहन तथा सड़क क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए सहायता प्रदान की है। यह एनईआईए ट्रस्ट से कवर प्राप्त अनूठी योजना है, जिससे भारतीय परियोजना निर्यातकों को वित्तपोषण का सुरक्षित विकल्प मिलता है।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः सुश्री शिल्पा वाघमारे, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र कॉम्प्लेक्स, कफ़ परेड, मुंबई 400 005
फोनः 022-22172320 / 022-22172725
ईमेलः shilpa.w@eximbankindia.in /bcneia@eximbankindia.in
वेबसाइटः www.eximbankindia.in
