self

सेनेगल में विद्युत ट्रांसमिशन परियोजना के लिए इंडिया एक्ज़िम बैंक ने राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाते के अंतर्गत प्रदान की 35.26 मिलियन यूएस डॉलर की क्रेता ऋण सुविधा

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने सेनेगल के अर्थव्यवस्था, योजना और सहयोग मंत्रालय के साथ 35.26 मिलियन यूएस डॉलर के एक क्रेता ऋण करार पर हस्ताक्षर किए। सेनेगल सरकार को यह क्रेता ऋण सुविधा, सेनेगल के टनफ से ज़िगिनकॉर तक (लगभग 92 किलोमीटर) 225 केवी की ओवरहेड ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण और इंस्टॉलेशन के लिए प्रदान की गई है। यह निधीयन राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाता (एनईआईए) के अंतर्गत क्रेता ऋण कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। इस परियोजना से सेनेगल के दक्षिणी क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे मुख्यतः तांबाकौंदा, ज़िगिनकॉर और टनफ क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की जा सकेगी और प्रति केडब्ल्यूएच लागत तथा परिचालन खर्च को कम करने में मदद मिलेगी। इससे ओएमवीजी (गाम्बिया रिवर बेसिन डेवलपमेंट ऑर्गैनाइजेशन) विद्युत परियोजनाओं के साथ 225 केवी की विद्युत ट्रांसमिशन लाइन को इंटर-कनेक्ट किया जाएगा। इस परियोजना का निष्पादन कल्पतरु पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। 

इंडिया एक्ज़िम बैंक ने इससे पहले सेनेगल सरकार को तांबाकौंदा–कोल्दा–ज़िगिनकॉर लिंक के लिए 225 केवी की ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण के लिए 200 मिलियन यूएस डॉलर की क्रेता ऋण (एनईआईए) सुविधा के जरिए सहायता प्रदान की थी। बैंक द्वारा एनईआईए योजना के अंतर्गत अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका के विभिन्न देशों में विद्युत, जल, रेलवे और सड़क जैसे क्षेत्रों में विभिन्न परियोजनाओं के लिए सहायता प्रदान की जा चुकी है। एनईआईए भारतीय परियोजना निर्यातकों को वित्तपोषण का सुरक्षित माध्यम प्रदान करने वाली अनूठी योजना है, जिसमें भारतीय निर्यातकों को एनईआईए ट्रस्ट से कवर मिलता है।

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः सुश्री शिल्पा वाघमारे, महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400005. फोन +91-22-22172320; ईमेलः Shilpa.w@eximbankindia.in

सेनेगल में टनफ से ज़िगिनकॉर तक 225 केवी की ओवरहेड ट्रांसमिशनल लाइन के निर्माण और इंस्टॉलेशन के लिए सेनेगल सरकार के साथ राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाते के अंतर्गत 35.26 मिलियन यूएस डॉलर का क्रेता ऋण करार किया गया। इस पर सेनेगल सरकार की ओर से माननीय अर्थव्यवस्था, योजना और सहयोग मंत्री श्री एमैड्यू एचओटीटी द्वारा हस्ताक्षर किए गए।