कोविडके बाद के दौर में अफ्रीका के विकास के लिए अफ्रीका वित्त निगम को इंडिया एक्ज़िम बैंक ने प्रदान किया 100 मिलियन यूएस डॉलर का ऋण
लागोस, 31 अगस्त, 2021 – अफ्रीका के अग्रणी अवसंरचना सेवा प्रदाता अफ्रीका वित्त निगम (एएफसी) को भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) द्वारा 100 मिलियन यूएस डॉलर का ऋण प्रदान किया गया। यह ऋण कोविड-19 महामारी के चलते अफ्रीकी अर्थव्यवस्थाओं के पुनरुत्थान के लिए अत्यावश्यक बुनियादी ढांचागत जरूरतों को पूरा करने के लिए दिया गया है।
इस 10 वर्षीय ऋण से मिलने वाली राशि के जरिए बुनियादी ढांचागत खामियों को पूरा करने के अफ्रीका के मिशन को जारी रखने में मदद मिलेगी। साथ ही यह ऋण इस महाद्वीप के लिए तत्कालआवश्यकसंपोषी विकास को जारी रखने में मददगार होगा। भारत की संप्रभु निर्यात ऋण एजेंसी इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा ऋणों के जरिए बुनियादी ढांचागत विकास में सहयोग के लिए परियोजनाओं के सह-वित्तपोषण के अवसर तलाशे जाते रहे हैं। अफ्रीका वित्त निगम, अफ्रीका की दूसरी सर्वोच्च निवेश ग्रेड क्रेडिट रेटिंग बनाए रखने के लिए विभिन्न अंतरराष्ट्रीय निवेशकों से पूंजी जुटाता है।
इंडिया एक्ज़िम बैंक की उप प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने कहा, “इंडिया एक्ज़िम बैंक द्वारा अपने मैंडेट के अनुसार, सुदृढ़ क्रेडिट प्रोफाइल वाली और अफ्रीका के विकास में सहयोगी,अफ्रीका वित्त निगम जैसी बहुपक्षीय एजेंसियों के साथ अपने संस्थागत नेटवर्क को बढ़ाना जारी रखा गया है।” उन्होंने कहा कि “हम अफ्रीका के आर्थिक लाभ के लिए अपने संस्थागत संबंधों को विस्तार देने के लिए तत्पर हैं।”
इंडिया एक्ज़िम बैंक वैश्विक साझेदारी विकसित करने की अपनी रणनीति के रूप में विभिन्न देशों की सरकारों, क्षेत्रीय वित्तीय संस्थाओं, वाणिज्यिक बैंकों और अन्य विदेशी संस्थाओं को ऋण-व्यवस्थाएं प्रदान करता है।
एएफसी के अध्यक्ष और सीईओ श्री समायला ज़ुबैरु ने कहा, “कोविड-19 महामारी के चलते अफ्रीका के विकास को झटका लगा है और विकास की चुनौतियां बढ़ गई हैं। हम इंडिया एक्ज़िम बैंक जैसे अग्रणी विकास साझेदारों के साथ मिलकर काम करते हुए अफ्रीका की बुनियादी ढांचागत जरूरतों को पूरा करने के अपने मैंडेट का निष्पादन कर रहे हैं। इन रणनीतिक साझेदारियों से महामारी के बाद अफ्रीका के पुनरुत्थान के लिए तत्काल आवश्यक पूंजीगत जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी, ताकि अफ्रीका में अक्षय ऊर्जा, परिवहन और टेलीकम्युनिकेशन सहित प्रमुख क्षेत्रों में सतत बुनियादी ढांचागत विकास जारी रखा जा सके।”
मूडीज़ इन्वेस्टर्स सर्विस द्वारा अफ्रीका वित्त निगम की क्रेडिट रेटिंग को “ए3” से “स्थिर” कर दिया गया है। वैश्विक पूंजी बाजारों तक एएफसी की पहुंच से अफ्रीका की अर्थव्यवस्थाओं के विकास और एकीकरण के साथ-साथ इस महाद्वीप के लोगों के जीवन-स्तर में सुधार लाने में मदद मिलती है।
एएफसी के बारे में
अफ्रीका में निजी क्षेत्र की अगुआई में बुनियादी ढांचागत विकास में गति लाने के लिए 2007 में एएफसी की स्थापना की गई थी। यह सर्वोच्च निवेश ग्रेड रेटिंग वाली अफ्रीका की दूसरी वित्तीय संस्था है। एएफसी अफ्रीका की बुनियादी ढांचागत विकास जरूरतों को पूरा करने के लिए मुख्य रूप से वित्तीय और सलाहकारी सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ परियोजना की स्ट्रक्चरिंग, परियोजना विकास और रिस्क कैपिटल सहित उद्योग विशिष्ट विशेषज्ञताएं प्रदान करता है। एएफसी उच्च गुणवत्ता वाली बुनियादी ढांचागत आस्तियों में निवेश करता है, जो ऊर्जा, प्राकृतिक संसाधन, भारी उद्योग, परिवहन और टेलीकम्युनिकेशन जैसे प्रमुख बुनियादी ढांचागत क्षेत्रों में अनिवार्य सेवाएं प्रदान करते हैं। एएफसी द्वारा अपनी स्थापना के बाद से अब तक अफ्रीका के 35 देशों में कुल 8.7 अरब यूएस डॉलर का निवेश किया जा चुका है।
इंडिया एक्ज़िम बैंक के बारे में
इंडिया एक्ज़िम बैंक की स्थापना 1982 में संसद के एक अधिनियम के ज़रिए की गई थी और यह भारत सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली संस्था है। यह निर्यातों और आयातों का वित्तपोषण करने वाली संस्थाओं के कार्यकरण का समन्वय करने वाली प्रमुख वित्तीय संस्था है। इंडिया एक्ज़िम बैंक वर्षों से भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश का संवर्धन, वित्तपोषण और सुगमीकरण करने वाली संस्था रही है। बैंक के कार्यक्रमों से भारतीय उद्यमों को अपनी स्पर्धात्मकता बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिली है।
मीडिया इन्क्वायरीः
इंडिया एक्ज़िम बैंक
श्री तरुण शर्मा
मुख्य महाप्रबंधक
टेलीफोनः +91-22-22172600
ईमेलः tarun@eximbankindia.in
श्री शुभाशीष धल
मुख्य कार्यपालक (लंदन शाखा)
टेलीफोनः +44 20 77969040
ईमेलः eximlondon@eximbankindia.in
अफ्रीका वित्त निगम
मैर्लिनी मूडले
एसवीपी कम्युनिकेशंस
मोबाइलः +27(0) 82 564 2457
ईमेलः marlynie.moodley@africafc.org
