इंडिया एक्ज़िम बैंक ने की ब्रिक्स वार्षिक वित्तीय फोरम 2021 की मेजबानी
8 सितंबर, 2021:भारत की अध्यक्षता में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन 2021 की थीम है, “ब्रिक्स@15: निरंतरता, समग्रता और सहमति के लिए ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग।” ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग व्यवस्था के अंतर्गत सदस्य विकास बैंक के रूप में भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) द्वारा08 सितंबर, 2021 को एक वर्चुअल प्लैटफॉर्म पर ब्रिक्स वित्तीय फोरम की मेजबानी की गई। भारत सरकार द्वारा निर्धारित की गई थीम के अनुरूप, ब्रिक्स वार्षिक वित्तीय फोरम की थीम “ब्रिक्स वित्तीय सहयोग के जरिए आर्थिक वृद्धि और समृद्धि बढ़ाना”रखी गई।
इस फोरम में इंडिया एक्ज़िम बैंक के अतिरिक्त ब्रिक्स देशों के सदस्य विकास बैंकों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया। अर्थात फोरम में ब्राज़ीलियन डेवलपमेंट बैंक (बीएनडीईएस), ब्राज़ील;स्टेट डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (वीईबी.आरएफ), रूस;चाइना डेवलपमेंट बैंक (सीडीबी), चीन;डेवलपमेंट बैंक ऑफ सदर्न अफ्रीका (डीबीएसए), दक्षिण अफ्रीका के प्रमुख शामिल हुए।
इस फोरम में न्यू डेवलपमेंट बैंक के अध्यक्ष सहित भारत और विदेशी सरकारों, बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं, शिक्षण संस्थाओं, शोध निकायों तथा थिंक टैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। वित्तीय फोरम के उद्घाटन सत्र को भारत सरकार के माननीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड द्वारा संबोधित किया गया।
इस अवसर पर माननीय वित्त राज्य मंत्री डॉ. भागवत किशनराव कराड ने दक्षिण-दक्षिण सहयोग में नई जान फूंकने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में ब्रिक्स राष्ट्रों के योगदान का उल्लेख किया, जो सहयोग की इस प्रक्रिया में ब्रिक्स देशों की प्रतिबद्धता की कसौटी है। उन्होंने आगे कहा कि ब्रिक्स अंतरबैंक सहयोग व्यवस्था 5 सदस्य वित्तीय संस्थाओं पर टिकी है, जिन्हें अपनी साझेदारी को इस प्रकार बढ़ाने की जरूरत है कि दुनियाभर में संपोषी निवेशों को सुगम बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने विभिन्न विकासशील देशों में बुनियादी ढांचागत विकास में आ रही बाधाओं को दूर करने में ब्रिक्स देशों द्वारा निभाई जा रही भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सदस्य विकास वित्त संस्थाओं को तकनीकी सहयोग बढ़ाने की जरूरत है और यह सहयोग ब्रिक्स अर्थव्यवस्थाओं में परस्पर तथा अन्य साझेदार विकासशील देशों के साथ अपने अनुभव तथा ज्ञान को साझा कर बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने समावेशी विकास और साझा समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए ब्रिक्स देशों के सदस्य विकास बैंकों को नवाचार पर जोर देते हुए सहयोग बढ़ाने की अपील की।
सदस्य विकास बैंकों तथा एनडीबी के प्रमुखों ने अपनी बात रखते हुए ब्रिक्स के सदस्य विकास बैंकों तथा एनडीबी के बीच गहन सहयोग की जरूरत का उल्लेख किया। उन्होंने वृहत्तर वित्तीय सहयोग की जरूरत पर जोर दिया, जो आने वाले समय में ब्रिक्स देशों तथा अन्य साझेदार विकासशील देशों के आर्थिक विकास की प्रभावी व्यवस्था का आधार बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान इंडिया एक्ज़िम बैंक के ब्रिक्स आर्थिक शोध वार्षिक पुरस्कार 2021 की घोषणा भी की गई तथा विजेता को सम्मानित किया गया।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक,
केन्द्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केन्द्र संकुल,
कफ़ परेड, मुंबई 400005 फोन ++91-22- 2286 0363; फैक्सः 022- 2218 0743;
ईमेल: dsinate@eximbankindia.in
