self

कोविड-19 से निपटने के लिए भारतीय स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को सहयोग, इंडिया एक्ज़िम बैंक और जेबिक में 100 मिलियन यूएस डॉलर का ऋण करार

(इंडिया एक्ज़िम बैंक की प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी ने जापान बैंक फॉर इंटरनैशनल कॉपरेशन के इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड एन्वायर्नमेंट फायनैंस ग्रुप के प्रबंध कार्यकारी अधिकारी और ग्लोबल हेड श्री माकोतो उचिदा के साथ 100 मिलियन यूएस डॉलर का ऋण सुविधा करार किया)

भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) ने कोविड-19 महामारी से संबंधित भारतीय स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को सहयोग करने के लिए जापान बैंक फॉर इंटरनैशनल कॉपरेशन (जेबिक) के साथ वर्चुअल रूप से 100 मिलियन यूएस डॉलर के एक ऋण करार पर हस्ताक्षर किए। यह ऋण करार 23 मई, 2022 को टोक्यो, जापान में हुए चतुर्भुज राष्ट्रों  के नेताओं के सम्मेलन के दौरान अलग से किया गया। बैंक ने यह ऋण करार तीन और जापानी निजी वित्तीय संस्थाओं के साथ मिलकर किया है। ये संस्थाएं हैं- एमयूएफजी बैंक लिमिटेड, बैंक ऑफ क्योटो लिमिटेड और हाचीजुनी बैंक लिमिटेड। इन निजी वित्तीय संस्थाओं द्वारा सह-वित्तपोषित हिस्से के लिए जेबिक द्वारा गारंटी भी दी जाएगी। इस ऋण सुविधा का उद्देश्य कोविड-19 से मुकाबले के लिए भारतीय स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को सहयोग करने के साथ-साथ, टीका विनिर्माताओं, फार्मासूटिकल कंपनियों, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) विनिर्माताओं, चिकित्सा ऑक्सीजन या अन्य मेडिकल डिवाइस विनिर्माताओंऔर अस्पतालों तथा संबंधित अन्य गतिविधियों को सहयोग करना है। 

इस क्षेत्र की बाजार जरूरतों को बेहतर तरीके से समझने के लिए, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने भारतीय औषधि निर्यात संवर्धन परिषद (फार्मेक्सिल) के साथ मिलकर जुलाई 2021 में एक वर्चुअल सम्मेलन आयोजित किया। इसमें जेबिक और भारत की कुछ सबसे बड़ी स्वास्थ्य सेवा और फार्मासूटिकल कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) ने हिस्सा लिया। भारत में इस तरह की कंपनियों के लिए उपलब्ध फंडिंग सुविधाओं के और अधिक प्रचार-प्रसार के मकसद से इंडिया एक्ज़िम बैंक ने सितंबर 2021 में फार्मेक्सिल के साथ मिलकर एक वेबिनार भी आयोजित किया। 

इस ऋण सुविधा के जरिए इंडिया एक्ज़िम बैंक और जेबिक, भारत में कोविड-19 के टीकों और संबंधित फार्मासूटिकल तथा स्वास्थ्य सेवा संबंधी उत्पादों के सुरक्षित और प्रभावी विनिर्माण को विस्तार देने की दिशा में संयुक्त रूप से काम करेंगे।  

इंडिया एक्ज़िम बैंक स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र और फार्मासूटिकल वैल्यू चेन में सभी खंडों को सहयोग प्रदान करता रहा है। बैंक ने इन क्षेत्रों में कंपनियों की घरेलू विस्तार परियोजनाओं को सहयोग प्रदान करने के अलावा, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र (अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं, पैथोलॉजिकल लैब और संबंधित प्रशिक्षण  / शिक्षा सेवाओं सहित) में विभिन्नथ भारतीय कंपनियों के वैश्वीिकरण के प्रयासों में भी मदद की है। साथ ही, बैंक ने फार्मासूटिकल कंपनियों (दवा और फॉर्मुलेशन विनिर्माताओं सहित) और बायोसिमिलर / बायोफार्मा (जीवन विज्ञान सहित) कंपनियों को भी सहयोग प्रदान किया है। इसके अतिरिक्त, इंडिया एक्ज़िम बैंक अनुसंधान एवं विकास, नए उत्पाद विकास और अन्य संबंधित क्षेत्रों में भी सहयोग प्रदान करता रहा है। 

वर्ष 1982 में स्थापित इंडिया एक्ज़िम बैंक भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निवेश के संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक भारतीय कंपनियों को अपने विभिन्न  उत्पादों और सेवाओं के व्यापक विकल्प मुहैया कराता है। साथ ही, उनकी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धात्मकता को बढ़ाने के लिए शोध एवं विश्लेषण जैसे सहयोग भी प्रदान करता है। बैंक भारतीय निर्यातक कंपनियों, विशेष रूप से मध्यम आकार के उद्यमों को अपने विभिन्ना ऋण कार्यक्रमों के जरिए उनके वैश्वीकरण के प्रयासों में तत्परता से सहयोग प्रदान करता है। इंडिया एक्ज़िम बैंक, वैश्वििक व्यापार परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए अपने उत्पादों और सेवाओं को नियमित रूप से नवोन्मेषी बनाता रहा है, ताकि वे तमाम क्षेत्रों में भागीदार देशों के लिए परस्पर लाभदायी स्थिति में हों। 

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः
श्री तरुण शर्मा
मुख्य वित्तीय अधिकारी
भारतीय निर्यात-आयात बैंक
केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल
विश्वर व्यापार केंद्र संकुल कफ़ परेड
मुंबई 400005
फोन:+91-22-22172601
ईमेल: tag@eximbankindia.in