इंडिया एक्ज़िम बैंक, मालदीव में 2000 आवासीय इकाइयों के वित्तपोषण के लिए देगा 130 मिलियन यूएस डॉलर की फंडिंग
भारतीय निर्यात-आयात बैंक (इंडिया एक्ज़िम बैंक) द्वारा मालदीव के हुलहुमाले में 130 मिलियन यूएस डॉलर की 2000 आवासीय इकाइयों के डिजाइन एवं निर्माण का वित्तपोषण किया जाएगा। इस संबंध में इंडिया एक्ज़िम बैंक और फही दहीरुलन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मालदीव सरकार के बीच 20 फरवरी, 2021 को एक आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) का आदान-प्रदान किया गया। यह फंडिंग राष्ट्रीय निर्यात बीमा खाता (एनईआईए) योजना के अंतर्गत क्रेता ऋण कार्यक्रम के तहत की जाएगी। उम्मीद की जा रही है कि इस परियोजना के जरिए मालदीव के नागरिकों का सामाजिक-आर्थिक उत्थान होगा और यह भारत सरकार की ‘पड़ोसी देश प्रथम नीति’ (नेबरहुड फर्स्ट पॉलिसी) के अनुरूप है। आशय पत्र का आदान-प्रदान भारत के माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के मालदीव दौरे के दौरान माले शहर में किया गया। इस परियोजना का निष्पादन एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
इंडिया एक्ज़िम बैंक ने इससे पहले एनईआईए के अंतर्गत, हुलहुमाले, मालदीव में सड़क नेटवर्क के विकास के लिए सहयोग किया है। इसके अतिरिक्त, इंडिया एक्ज़िम बैंक ने अफ्रीका में घाना, ज़ाम्बिया, कैमरून, मॉरिटानिया और सेनेगल, एशिया में श्रीलंका और लैटिन अमेरिका में सूरीनाम जैसे देशों में जल, विद्युत, रेलवे और सड़क जैसे क्षेत्रों के विकास के लिए एनईआईए योजना के अंतर्गत सहयोग किया है। एनईआईए योजना भारतीय परियोजना निर्यातकों को सुरक्षित वित्तपोषण का विकल्प प्रदान करती है, जिसमें निर्यातकों को एनईआईए ट्रस्ट से बीमा कवर भी मिलता है।
अधिक जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें: सुश्री शिल्पा वाघमारे, महाप्रबंधक, बीसी- एनईआईए समूह, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400 005. फोनः +91-22-22172320; ईमेलः shilpa.w@eximbankindia.in
