अफ्रीका में क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवा केंद्रों के निर्माण में सहायक होगा 100 मिलियन यूएस डॉलर का कोषः इंडिया एक्ज़िम बैंक का शोध अध्ययन
परियोजना भागीदारी पर 16वें सीआईआई-एक्ज़िम बैंक डिजिटल कॉन्क्लेव में 13 जुलाई, 2021 को “भारत-अफ्रीका स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र: संभावनाएं एवं अवसर” विषय पर इंडिया एक्ज़िम बैंक के शोध प्रकाशन का विमोचन किया गया। इस दौरान भारत के माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, बोत्सवाना के माननीय उपराष्ट्रपति, श्री स्लम्बर सौगवाने, ज़िम्बाब्वे के माननीय उपराष्ट्रपति और स्वास्थ्य एवं शिशु कल्याण मंत्री श्री सीजीडीएन चिवेंगा, घाना के माननीय व्यापार एवं उद्योग मंत्री श्री ऐलेन खेमैटेन और कॉर्पोरेट जगत के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारियों सहित इंडिया एक्ज़िम बैंक की उप प्रबंध निदेशक सुश्री हर्षा बंगारी उपस्थित रहीं।
स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र, अफ्रीका के साथ भारत के विकास सहयोग का एक महत्त्वपूर्ण स्तंभ रहा है। भारत कई अफ्रीकी देशों को लंबे समय से कम कीमत पर जेनरिक दवाएं और टीके उपलब्ध कराते हुए विभिन्न संक्रामक रोगों को कम करने में मदद करता रहा है। इंडिया एक्ज़िम बैंक के इस शोध अध्ययन के अनुसार, 2010 में अफ्रीका को भारत से दवा उत्पादों का निर्यात 1.3 बिलियन यूएस डॉलर का था, जो 2019 में दोगुने से अधिक बढ़कर 3.2 बिलियन यूएस डॉलर का रहा। इस तरह भारत, अफ्रीका महाद्वीप को दवाओं का सबसे बड़ा निर्यातक बन गया है। भारत ने कोविड-19 महामारी के दौरान भी अफ्रीका को टीकों की आपूर्ति की है।
तथापि, ‘यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज सर्विस कवरेज इंडेक्स’ (यूएचसी एससीआई) के अनुसार, अफ्रीका के स्वास्थ्य सेवा विकास में काफी असमानताएं हैं। 2017 में, अफ्रीका के सात देशों में यूएचसी एससीआई 66 अंक के वैश्विक औसत से अधिक था, जबकि इसका अफ्रीकी औसत 46 अंक था। इसके अतिरिक्त, अफ्रीका की बदलती जनसांख्यिकी और शहरीकरण के साथ बढ़ती आबादी, अफ्रीका की पहले से अल्प विकसित स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के लिए आने वाले समय में चुनौती हो सकती है। अफ्रीका में समान स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच में सुधार लाने के लिए बहुक्षेत्रीय दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बढ़ रही है।
भारत-अफ्रीका के बीच भागीदारी बढ़ाने के क्रम में, इंडिया एक्ज़िम बैंक के शोध अध्ययन में, अफ्रीका के पांच क्षेत्रों में 100 बेड की क्षमता वाले 5 तृतीयक अस्पतालों के निर्माण के वित्तपोषण के लिए 100 मिलियन यूएस डॉलर का कोष स्थापित करने का सुझाव दिया गया है। अध्ययन में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि औसतन 50,000 से अधिक अफ्रीकी लोग चिकित्सा वीजा पर भारत आते हैं। यह आंकड़ा भारत की सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को दर्शाता है। पीपीपी मॉडल के तहत अस्पताल चलाने के अनुभवी प्रमुख भारतीय अस्पताल अफ्रीका की स्वास्थ्य सेवा संबंधी बुनियादी ढांचागत जरूरतों को पूरा करने के लिए आदर्श भागीदार हो सकते हैं।
अध्ययन में अफ्रीकी देशों के सहयोग से फार्मासूटिकल मूल्य श्रृंखला विकसित करने और पीपीपी मॉडल के तहत क्षेत्रीय फार्मासूटिकल या टीका विनिर्माण संयंत्र, शोध एवं विकास तथा कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के लिए संयुक्त इकाइयां स्थापित करने का भी सुझाव दिया गया है, ताकि सुदृढ़ आपूर्ति श्रृंखला बनाने में योगदान दिया जा सके।
अध्ययन में सहयोग के अन्य प्रस्तावित क्षेत्रों में अन्य के साथ-साथ, अफ्रीका में अस्पताल प्रबंधन और आईटी संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, स्वास्थ्य सेवा का डिजिटलीकरण, अफ्रीका में चिकित्सा पर्यटन और स्वास्थ्य केंद्रों को बढ़ावा देने, चिकित्सा उपकरण एवं फार्मासूटिकल मूल्य श्रृंखला विकसित करने, चिकित्सा शिक्षा प्रदान करने और स्वास्थ्य कर्मियों के कौशल विकास के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवा में नवाचार को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
उम्मीद की जा रही है कि 2030 तक अफ्रीका का स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र 259 बिलियन यूएस डॉलर का हो जाएगा। अफ्रीकी महाद्वीपीय मुक्त व्यापार समझौते से (एएफसीएफटीए) संभावित रूप से, वर्तमान में अफ्रीकी महाद्वीप के 1.3 बिलियन लोगों और 2050 तक 2.5 बिलियन लोगों को एकीकृत करने में मदद मिलेगी। इससे बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने के अवसर पैदा होंगे। कोविड-19 महामारी ने सुदृढ़ अफ्रीका के निर्माण में भारतीय अस्पतालों और संबंधित कंपनियों के लिए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं। साथ ही, इससे भारत-अफ्रीका भागीदारी को भी नया आयाम मिल रहा है। इसके अलावा, अफ्रीका के साथ भारत की चिकित्सा कूटनीति एजेंडा 2063 और अफ्रीका के एसडीजी के अनुरूप है, जो भारत-अफ्रीका संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए महत्त्वपूर्ण स्तंभ हो सकती हैं।
विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क कीजिएः श्री डेविड सिनाटे, मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय निर्यात-आयात बैंक, केन्द्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्व व्यापार केन्द्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400005 फोन +91-22-22182511; फैक्सः +91-22-2218 0743; ईमेल: dsinate@eximbankindia.in
