self

श्री तरुण शर्मा ने इंडिया एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया

श्री तरुण शर्मा ने 18 अप्रैल, 2023 से इंडिया एक्ज़िम बैंक के उप प्रबंध निदेशक (डीएमडी) के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले, वह बैंक के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के रूप में कार्यरत थे और बैंक की प्रौद्योगिकी पहलों का नेतृत्व कर रहे थे। उन्हें व्यापार, प्रतिस्पर्धात्मकता, उद्योग और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास तथा नीति संबंधी विषयों सहित हाल ही में निरूपित की गई नई व्यापार सुगमीकरण पहल, नामतः, ‘व्यापार सहायता कार्यक्रम’ (टैप) जैसे क्षेत्रों में दो दशक से अधिक का वैश्‍विक अनुभव है। इस पहल के जरिए अंतरराष्‍ट्रीय व्यापार ट्रांज़ैक्शन को सहयोग के लिए वाणिज्यिक बैंकों की क्षमता बढ़ाने हेतु व्यापार लिखतों (ट्रेड इंस्ट्रूमेंट्स) की ऋण सीमा बढ़ाने के रूप में सहायता प्रदान की जाती है। श्री शर्मा मार्च 2022 से ब्रिक्स वित्तीय सेवाएं कार्य समूह, भारत चैप्‍टर के अध्यक्ष हैं और इससे पहले एसएमई सहयोग संबंधी टास्क फोर्स का भी नेतृत्व कर चुके हैं।  

सीएफओ के रूप में अपने कार्यकाल से पहले श्री शर्मा बैंक के नई दिल्ली कार्यालय के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने भारतीय कंपनियों की क्षमताएं बढ़ाने के लिए वित्त की स्ट्रक्चरिंग करने; वसूली और ऋण समाधान, मित्र देशों में सामाजिक-आर्थिक विकास परियोजनाओं को सहयोग प्रदान करने; सरकारी कार्य संभालने और नीति निर्माण में योगदान देने जैसे उत्तरदायित्व निभाए हैं। इस दौरान, उन्होंने ‘उभरते सितारे कार्यक्रम’ नाम की नई पहल शुरू करने का उत्तरदायित्व भी संभाला। यह कार्यक्रम ऐसे उद्यमों को चिह्नित करने और ऋण, इक्‍विटी तथा तकनीकी सहायता के जरिए सहयोग प्रदान करने के लिए है, जिनमें प्रौद्योगिकी, उत्पाद और प्रोसेस की दृष्‍टि से संभावनाएं हैं। श्री शर्मा वैश्‍विक रूप से रणनीतिक परियोजनाओं को सरकार की एक रियायती वित्तपोषण योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान करने संबंधी एक कार्यक्रम स्थापित करने में भी अग्रणी रहे हैं। 

श्री शर्मा ने बैंक के विभिन्‍न समूहों में काम किया है। वह बैंक के वाशिंगटन डीसी कार्यालय के निवासी प्रतिनिधि (अमेरिकाज़) भी रहे हैं। उन्हें विश्‍व बैंक की कैपेसिटी डेवलपमेंट एंड पार्टनरशिप यूनिट में परामर्शदाता के रूप में कार्य करने का भी अनुभव है।

उन्होंने परियोजना निर्यातों पर एक पुस्तक- ‘कनेक्टिंग कॉन्टिनेंट्स विद इंडियन एक्सपर्टीज़’ भी लिखी है, जिसमें संपोषी तीव्र आर्थिक विकास के लिए भारत के प्रयासों में निर्यातों की भूमिका की पड़ताल की गई है। श्री शर्मा पुणे से इंजीनियरिंग में ग्रैजुएट हैं। इसके बाद उन्होंने मुंबई से प्रबंधन में पोस्ट ग्रैजुएशन की डिग्री हासिल की और अमेरिका की कॉर्नेल यूनिवर्सिटी तथा भारतीय प्रबंध संस्थान, बैंगलोर से एडवांस्ड एक्ज़िक्यूटिव मैनेजमेंट प्रोग्राम भी किए हैं।

विस्तृत जानकारी के लिए कृपया संपर्क करें:
श्री उदय शिंदे
महाप्रबंधक, कॉर्पोरेट संचार समूह
केंद्र एक भवन, 21वीं मंज़िल, विश्‍व व्यापार केंद्र संकुल, कफ़ परेड, मुंबई 400 005 
फोनः +91 022-2217 2829; ईमेलः uday@eximbankindia.in